फायर बिग्रेड की मदद से कुएं में गिरी गाय को बाहर निकाला
कछवां थाना क्षेत्र के जमुआ चौकी के पीछे कुएं में शुक्रवार की शाम एक गाय गिर गई। जानकारी होते ही ग्रामीणों ने उसे बाहर निकालने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली तो तत्काल फायर बिग्रेड व स्थानीय पुलिस को सूचित किया।
जासं, जमुआ (मीरजापुर) : कछवां थाना क्षेत्र के जमुआ चौकी के पीछे कुएं में शुक्रवार की शाम एक गाय गिर गई। जानकारी होते ही ग्रामीणों ने उसे बाहर निकालने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली तो तत्काल फायर बिग्रेड व स्थानीय पुलिस को सूचित किया। सूचना पर फायर बिग्रेड व पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद गाय को सकुशल बाहर निकाल लिया। ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
जमुआ चौकी के पीछे एक गाय टहलते हुए कुएं के पास चली गई और पानी पीने के चक्कर में उसका पैर फिसल गया और कुएं में जा गिरी। जानकारी होते पशु पालक व ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में रस्सी फेंककर उसे बाहर निकालने में जुट गए लेकिन काफी देर तक सफलता नहीं मिली। ग्रामीणों की सूचना पर थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह, फायर बिग्रेड मीरजापुर की टीम, जमुआ चौकी के शिवप्रताप, पंकज कुमार, संजय सिंह व पीआरवी कर्मियों के साथ गिरधारी सिंह, गोरही ग्राम प्रधान अखिलेश द्विवेदी, बागी गिरी आदि के सहयोग से चार घंटे की मशक्कत के बाद गाय को बाल-बाल बचाकर बाहर निकाला गया।