प्रधानों तक पहुंची शासन की पाती, सहेज लें ग्राम विकास की थाती
प्रदेश सरकार के पंचायती राज विभाग मंत्रालय द्वारा जनपद के जिला पंचायत अध्यक्ष ब्लाक प्रमुखों व सभी ग्राम प्रधानों को पत्र भेजा गया है। जिन ग्राम पंचायतों ने विकास कार्यों में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया और अपने कार्यों से लोगों को प्रभावित किया है वे शासन स्तर से दिए जाने वाले पुरस्कार के भागीदार हैं। ग्राम पंचायतों को अपनी इंट्री 31 जनवरी तक आनलाइन जमा कर देनी है ताकि 24 अप्रैल को दिए जाने वाले पुरस्कारों में उनका चयन हो सके।
जागरण संवाददाता, मीरजापुर : प्रदेश सरकार के पंचायती राज विभाग मंत्रालय द्वारा जनपद के जिला पंचायत अध्यक्ष, ब्लाक प्रमुखों व सभी ग्राम प्रधानों को पत्र भेजा गया है। जिन ग्राम पंचायतों ने विकास कार्यों में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया और अपने कार्यों से लोगों को प्रभावित किया है, वे शासन स्तर से दिए जाने वाले पुरस्कार के भागीदार हैं। ग्राम पंचायतों को अपनी इंट्री 31 जनवरी तक आनलाइन जमा कर देनी है, ताकि 24 अप्रैल को दिए जाने वाले पुरस्कारों में उनका चयन हो सके।
24 अप्रैल को पंचायती राज दिवस मनाया जाता है और इसी क्रम में सभी जनपदों से विकास कार्यों की बेहतर प्रविष्टियां मंगाई जाती हैं। जिला पंचायत राज अधिकारी अरविद कुमार ने बताया कि 24 अप्रैल को पंचायत राज दिवस के अवसर पर दीन दयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तिकरण पुरस्कार, नानाजी देशमुख राष्ट्रीय गौरव ग्राम सभा पुरस्कार व ग्राम पंचायत विकास योजना पुरस्कार वितरित किए जाएंगे। इसके लिए सभी प्रधानों, जिला पंचायत अध्यक्ष व ब्लाक प्रमुखों को पत्र लिखकर 31 जनवरी तक इंट्री फार्म भरने के लिए प्रेरित किया गया है। वर्ष 2018-19 के तहत कराए गए विकास कार्य इसमें शामिल होंगे। इसमें स्वच्छता, शिक्षा, ग्राम पंचायत की कार्यप्रणाली, सामाजिक आर्थिक क्षेत्र में प्रदर्शन, बाल हितों के संरक्षण के लिए हुए कार्यों को शामिल किया गया है। त्रिस्तरीय पंचायतों के चयन की कार्रवाई शासन द्वारा शुरू की जा चुकी है।
आनलाइन होंगे आवेदन
इस प्रतियोगिता को व्यापक बनाने के लिए पंचायत अवार्ड की वेबसाइट पर आनलाइन आवेदन किए जाएंगे। इन पुरस्कारों में जिला पंचायत स्तर पर दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तिकरण पुरस्कार, ब्लाक स्तर पर नानाजी देशमुख राष्ट्रीय गौरव ग्राम सभा पुरस्कार व ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम पंचायत विकास योजना पुरस्कार दिए जाएंगे। साथ ही जिन ग्राम पंचायतों ने बाल अधिकारों के संरक्षण के लिए बेहतर कार्य किया है, उन्हें बाल मैत्री ग्राम पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
-
सभी ग्राम पंचायतें इसमें हिस्सा लें तो जिले का मान बढ़ेगा। जनपद में दर्जनों पंचायतें ऐसी हैं, जहां अच्छे कार्य हुए हैं। सभी से कहना है कि 31 जनवरी तक भागीदारी सुनिश्चित करें।
- अरविद कुमार, डीपीआरओ, मीरजापुर