ग्रामीण अंचलों में धूमधाम से असत्य पर सत्य की जीत पर मना विजयादशमी
असत्य पर सत्य की जीत पर मनाए जाने वाले विजयादशमी का पर्व ग्रामीण अंचलों में भी मंगलवार को धूमधाम के साथ मनाया गया। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर मेला आयोजन किया गया।
जागरण संवाददाता, मीरजापुर : असत्य पर सत्य की जीत पर मनाए जाने वाले विजयादशमी का पर्व ग्रामीण अंचलों में भी मंगलवार को धूमधाम के साथ मनाया गया। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर मेला आयोजन किया गया। कई स्थानों पर झांकी निकाली गई। इस दौरान आयोजित मेले में बच्चों ने जमकर लुत्फ उठाया। भगवान राम द्वारा रावण को मारकर पुतला जलते ही जयश्रीराम के उद्धोष से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा। वही ड्रमंडगंज में रावण को न जलाकर उसके सिर को तलवार से कलम किया गया। लालगंज : लालगंज, लहंगपुर, बरकछ एवं कोटा शिव प्रताप सिंह गांवों में रावण के पुतले का दहन शाम को किया गया। जिसे देखने के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लहंगपुर में राम लक्ष्मण हनुमानजी की झांकी देखने के लिए श्रोताओं की भारी भीड़ पहुंची थी। लोग शाम को रावण पुतला दहन तक डटे रहे। झांकी के साथ साथ लोग पैदल जय श्रीराम का जयकारे लगाते चल रहे थे। जिसमे मुख्य रूप से भाजपा के वरिष्ठ नेता बालेंदुमणि त्रिपाठी, सुरेंद्र दुबे, विजयबहादुर मौर्य, आलोक दुबे रहे। लहंगपुर चौकी प्रभारी विनोद यादव सिपाहियों के साथ तैनात रहे।
हलिया बाजार में विजय दशमी पर्व पर जीप स्टैंड दुर्गा पूजा समिति द्वारा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान दूरदराज इलाकों से रावण के पुतले का दहन देखने आए सैकड़ों ग्रामीणों ने महाप्रसाद ग्रहण किया। माता चौरा पर कलाकारों द्वारा राम रावण युद्ध का मनोहारी मंचन किया गया।
ड्रमंडगंज में आदर्श रामलीला कमेटी के तत्वावधान में आयोजित दशहरा पर्व पर लगने वाले मेले में राम रावण के युद्ध को देखने के लिए लोगों की भीड राष्ट्रीय राजमार्ग पर जुट गई। रामलीला कमेटी द्वारा बनाया गया रावण का विशालकाय पुतला को तथा भगवान राम, लक्ष्मण के झांकी को रामलीला मैदान से पुरानी पुलिस चौकी परिसर में युद्ध के लिए लेकर आया। जहा भगवान राम के झांकी की आरती मुख्य अतिथि बसपा नेता मनीष त्रिपाठी व विशिष्ट अतिथि प्रमोद पांडेय द्वारा भगवान राम की। इसके बाद राम रावण के बीच जमकर युद्ध हुआ और अंत में भगवान राम ने रावण के पुतले से रावण के सिर को अलग कर दिया गया। जैसे ही रावण का सिर पुतले से अलग हुआ जय श्री राम के नारें से पुरा बाजार गुंज उठा।
राजगढ़ विकासखंड के पटेल नगर में जिला पंचायत सदस्य शैलेश सिंह पटेल ने भगवान राम की आरती उतारी। भगवान राम ने रावण को उसका अहंकार नष्ट किया। जय श्रीराम के नारे लगने शुरू हो गए और दशहरा के दिन सबसे खास बात यह रही कि लोग आज ही के दिन पान खाना नहीं भुलते हैं। पान विक्रेता लालबाबू केसरी ने बताया कि दशमी के दिन लोग पान जरूर खाते हैं। रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अमित पटेल क्षेत्र पंचायत सदस्य मनीष सिंह, जन्मेजय आदि रहे।
पड़री पहाड़ी विकास क्षेत्र के अंतर्गत कई जगहों पर रामलीला का कार्यक्रम अनवरत चलता रहा और दशमी दीप जला कर के समाप्त किया गया। पड़री स्थित रामलीला मैदान पर आयोजित मेला का मुख्य रूप से प्रेरणा स्त्रोत अजय ओझा रहे। राघवेंद्र रामलीला समिति का प्रदर्शन पूरे क्षेत्र में नंबर वन पर रहा। इसी तरह क्षेत्र के अंतर्गत सीकरी चौहान पट्टी, अपेड़ा, भरपुरा में मेला लगा रहा।
गैपुरा के छानबे विकास खंड अंतर्गत विजयपुर में परंपरा के अनुसार राजा अनिल प्रताप सिंह ने शस्त्र पूजा करके दशहरा का त्योहार मनाया। इस अवसर पर राजा अनिल प्रताप स़हि को बधाई देने वाले का आना जाना देर शाम तक लगा रहा। विजयपुर मे रावण दहन के दौरान मेला लगा रहा।
कछवां के आदर्श नगर पंचायत स्थित उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के तत्वावधान में आयोजित सोमवार को महानवमी पर्व पर अनवरत चल रहे प्रोजेक्टर पर रामलीला मंचन के आखिरी दिन भगवान राम लंकापति रावण का वध कर के असत्य पर सत्य की जीत दिलाई तत्पश्चात मंगलवार को दशहरा पर्व पर कछवां व्यापार मंडल व रामलीला कमेटी की तरफ से रावण का प्रतीकात्मक पुतला का तासे के धुन पर पूरे नगर क्षेत्र का भ्रमण कराने के बाद कछवां पुलिस बूथ चौराहा रणभूमि पर ले जाया गया। विजय जुलूस के रूप में हाथों में ध्वज लेकर जय श्री राम के उद्घोष के साथ पूरे नगर का भ्रमण किया।