बजट के अभाव में लटका मेड़िया उपकेंद्र का निर्माण
जागरण संवाददाता, सीखड़ (मीरजापुर) : क्षेत्र के मेड़िया गांव में निर्माणाधीन 35/11 विद्युत उपकेंद्र के
जागरण संवाददाता, सीखड़ (मीरजापुर) : क्षेत्र के मेड़िया गांव में निर्माणाधीन 35/11 विद्युत उपकेंद्र के निर्माण का कार्य धीमी गति से चल रहा है। जिसके चलते दर्जनों गांव के ग्राम वासियों को लो वोल्टेज की समस्या से फिलहाल निजात मिलता नहीं दिख रहा है।
मेंडिया गांव में 33/11 विद्युत उपकेंद्र का शिलान्यास तत्कालीन सपा विधायक जगतम्बा सिंह ने किया था। शिलान्यास के समय ही उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा था कि 6 माह में इससे आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। कार्य प्रारंभ होने के साथ ही चहारदीवारी व मुख्य भवन का निर्माण प्रारंभ हुआ लेकिन बजट के अभाव में आज तक कार्य पूर्ण नहीं हो सका। प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद उपकेंद्रों के निर्माण के लिए धन आवंटित किए गए लेकिन कार्यदाई संस्था द्वारा अत्यंत धीमी गति से किए जा रहे कार्य से ग्रामीणों में आक्रोश है। अबतक आपूर्ति के लिए खंभों को खड़ा कर तार फैलाने का कार्य किया गया है। जबकि उप केंद्र पर अभी तक मुख्य भवन भी नहीं बन पाया है। इस गति से निर्माण कब होगा इसका उत्तर मिलना जटिल है। इस संबंध में विद्युत अधिकारी ध्यानचंद वर्मा ने बताया कि तार फैलाने के लिए पेड़ों को काटने में समस्या आ रही है। अभी बहुत काम बाकी है। पर्याप्त धन है या नहीं इसके बारे में कहा कि यह उच्चाधिकारियों को मालूम होगा। -क्या कहते हैं ग्रामीण
स्थानीय निवासी करतार सिंह का कहना है कि जिस गति से कार्य हो रहा है,नहीं लगता कि इस वर्ष भी इसका कार्य पूर्ण हो पाएगा। मेंडिया प्रधान अरविद सिंह मिटू ने कहा कि कहा कि उपकेंद्र से आपूर्ति शुरू होने के साथ ही क्षेत्र में विकास को गति मिलेगी। तम्मनपट्टी के डा. धीरेंद्र सिंह ने कहा कि लो वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों का दर्द कोई सुनने वाला नहीं है। आत्मा शंकर मिश्र ने कहा कि जर्जर तारों व ओवरलोड से आए दिन गड़बड़ी के चलते व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। राजेश मिश्र ज्योति ने कहा कि राजनीतिक इच्छाशक्ति की कमी से निर्माण कार्य में देर हो रही है।