गंगा की स्वच्छता केवल अभियान नहीं, सामूहिक जिम्मेदारी : स्वतंत्र देव सिंह
जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने चुनार के नयनागढ़ महोत्सव में गंगा स्वच्छता और जल संरक्षण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि गंगा की निर्मलता बनाए रखना सामूहिक जिम्मेदारी है और इसमें जनभागीदारी आवश्यक है।

गंगा की स्वच्छता सामूहिक जिम्मेदारी है, बोले मंत्री स्वतंत्र देव सिंह।
HighLights
मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने नयनागढ़ महोत्सव में प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
गंगा स्वच्छता और जल संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताया।
जनभागीदारी और युवा जागरूकता पर विशेष जोर दिया गया।
जागरण संवाददाता, चुनार (मीरजापुर)। कार्तिक पूर्णिमा पर चुनार बालूघाट में आयोजित 27वें नयनागढ़ महोत्सव के दूसरे दिन प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह पहुंचे। उन्होंने विद्यालयों के विद्यार्थियों की ओर से नमामि गंगे अभियान और जल संरक्षण के प्रति जागरूकता को लेकर लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया और बच्चों के प्रयासों की सराहना की।
जलशक्ति मंत्री ने कहा कि गंगा केवल नदी नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और जीवनदायिनी धरोहर है। इसकी स्वच्छता और निर्मलता बनाए रखना सभी का साझा दायित्व है। नमामि गंगे जैसे अभियान जनभागीदारी से ही सफल होंगे। युवा पीढ़ी को पर्यावरण और जल संरक्षण के प्रति जागरूक होकर आगे आना होगा।
उन्होंने कहा कि सरकार गंगा किनारे घाटों का निर्माण करा सकती है, लेकिन उन्हें स्वच्छ और निर्मल बनाए रखने की जिम्मेदारी स्थानीय लोगों को भी निभानी होगी। जीजीआईसी चुनार, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय चुनार के विद्यार्थियों ने प्रदर्शनी में जल संरक्षण और गंगा की स्वच्छता से जुड़े विभिन्न मॉडल प्रस्तुत किए थे।
इसके पहले रविवार देर शाम पूर्व विधायक दुद्धी हरिराम चेरो, नगरपालिका अध्यक्ष चुनार मंसूर अहमद, पूर्व ब्लाक प्रमुख अनमोल सिंह और चुनार फोर्ट पैलेस प्राइवेट लिमिटेड के महाप्रबंधक प्रवीण सिंह चौहान ने दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव का औपचारिक शुभारंभ किया। उद्घाटन सत्र में कव्वाल शमा नाज और बच्चा दिलशाद के बीच कव्वाली मुकाबला हुआ, जिसका देर रात तक दर्शकों ने आनंद लिया।
सोमवार को शिवचर्चा में आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों श्रद्धालु जुटे। शाम को मां गंगा की मूर्ति के साथ शोभायात्रा निकाली गई और गंगा तट पर मूर्ति स्थापित की गई। इसके बाद शिव-अघोर की झांकी का आकर्षक प्रस्तुतिकरण हुआ। कार्यक्रम का संचालन श्यामधर चतुर्वेदी ने किया।
अध्यक्ष दिनेश पटेल और सचिव अफसर अली ने स्वागत व आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मेजर कृपा शंकर सिंह, रामलाल सिंह, नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष विजय कुमार वर्मा, संतोष यादव, रमाकांत उपाध्याय, सुरेंद्र सिंह, मनीष राय, सभाजीत सिंह, शिवकुमार सिंह, जगदीश गुप्ता, वकील अंसारी आदि उपस्थित रहे।
मंत्री के लौटने के बाद पहुंचे सिंचाई विभाग के अधिकारी
जल शक्ति मंत्री के नयनागढ़ महोत्सव में आगमन को लेकर सिंचाई विभाग के अधिकारियों को मौके पर पहुंचना था, लेकिन अधिकारी समय से नहीं पहुंच सके। मंत्री के महोत्सव से लौटते समय सिंचाई विभाग के अधिकारी पहुंचे, लेकिन कैबिनेट मंत्री अधिकारियों से नहीं मिले और वहां से रवाना हो गए। जो चर्चा का विषय बना रहा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।