देशव्यापी ‘स्टीयरिंग छोड़ो आंदोलन’ के दौरान प्रशासन और प्रदर्शनकारियों में गतिरोध
मीरजापुर के लालगंज में 'स्टीयरिंग छोड़ो आंदोलन' के तीसरे दिन प्रशासन और प्रदर्शनकारी चालकों के बीच गतिरोध उत्पन्न हो गया, ...और पढ़ें

मीरजापुर में स्टीयरिंग छोड़ो आंदोलन प्रशासन और चालकों के बीच बढ़ा गतिरोध।
HighLights
प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को अनुमति समाप्त होने पर तंबू हटाने का निर्देश दिया।
चालकों की मुख्य मांगें ड्राइवर सुरक्षा कानून और सामाजिक सुरक्षा हैं।
हड़ताल से कई जिलों में मालवाहक वाहनों की आवाजाही रुक गई।
जागरण संवाददाता, लालगंज (मीरजापुर)। देशव्यापी ‘स्टीयरिंग छोड़ो आंदोलन’ के तीसरे दिन शनिवार को थाना क्षेत्र के बसही कला गांव में रीवा-वाराणसी राष्ट्रीय मार्ग पर प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच गतिरोध बन गया। 12 नवंबर 2026 से आल इंडिया ड्राइवर ज्वाइंट कमेटी और विभिन्न संगठनों के आह्वान पर शुरू हुए आंदोलन के तहत चालक तीन दिन से यहां तंबू लगाकर प्रदर्शन कर रहे थे।
ड्राइवर महा संगठन के जिला संचालक रामकुमार गुप्ता के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने अपने वाहन खड़े कर सड़क जाम की।
आंदोलनकारियों को प्रशासन ने प्रदर्शन के लिए तीन दिन की लिखित अनुमति दी थी। समय सीमा पूरी होने के बाद लालगंज थाने की पुलिस प्रदर्शन स्थल पर पहुंची और तंबू हटाने के निर्देश दिए।
उप निरीक्षक रमाशंकर यादव ने कहा कि आंदोलन जारी रखने के लिए प्रशासन से नई अनुमति लेनी होगी। बिना अनुमति तंबू लगाने या भीड़ जुटाने की इजाजत नहीं दी जाएगी। चालकों की अनिश्चितकालीन हड़ताल से कई जिलों में मालवाहक वाहनों की आवाजाही रुकी हुई है। इससे परिवहन और आवश्यक सामग्रियों की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका है।
उत्तर प्रदेश ड्राइवर महा संगठन के जिला संचालक रामकुमार गुप्ता ने बताया कि आंदोलन की प्रमुख मांगों में ड्राइवर सुरक्षा कानून बनाना, ड्राइवर आयोग का गठन और पेंशन, बीमा तथा कैशलेस इलाज जैसी सामाजिक सुरक्षा शामिल हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सरकार जब तक मांगों पर ठोस फैसला नहीं करती, अभियान जारी रहेगा। प्रदर्शन में दिलीप कुमार, अशोक कुमार, अनिल कुमार, भगवती प्रसाद, अर्जुन प्रसाद, राजेश कुमार, सुनील सिंह, मुकेश कुमार, उमाशंकर और अर्जुन पाल सहित विभिन्न प्रांतों के ट्रक चालक मौजूद रहे।