चुनार दुर्ग में गुलाबी पत्थरों से भव्य स्वरूप लेगी योगीराज भर्तृहरि की तपोस्थली
चुनार दुर्ग में योगीराज भर्तृहरि की साधना स्थली पर भव्य मंदिर का निर्माण होगा, जिसमें भारतीय और राजस्थानी स्थापत्य कला ...और पढ़ें

चुनार दुर्ग में योगीराज भर्तृहरि की तपोस्थली का भव्य पुनरुद्धार।
HighLights
चुनार दुर्ग में योगीराज भर्तृहरि का भव्य मंदिर बनेगा।
भारतीय और राजस्थानी स्थापत्य कला का अद्भुत संगम दिखेगा।
गुलाबी पत्थरों से निर्मित, सीएम योगी करेंगे शिलान्यास।
जागरण संवाददाता, चुनार (मीरजापुर)। ऐतिहासिक चुनार दुर्ग में नाथ संप्रदाय के योगीराज भर्तृहरि की साधना स्थली को नया स्वरूप मिलने जा रहा है। दुर्ग परिसर में डाक बंगले के समीप उनका भव्य मंदिर बनाया जाएगा। मंदिर की स्थापत्य योजना में भारतीय सनातन परंपरा और राजस्थानी शिल्पकला का समन्वय देखने को मिलेगा।
विशेष बात यह है कि वर्तमान समाधि स्थल का गर्भगृह यथावत सुरक्षित रखा जाएगा। वहीं, श्रद्धालुओं के लिए प्रवेश और दर्शन की बेहतर व्यवस्था विकसित की जाएगी। मंदिर परिसर से एक ओर उत्तरवाहिनी गंगा की धारा और दूसरी ओर ऐतिहासिक चुनार दुर्ग की भव्यता दिखाई देगी।
एमआरएस ग्रुप के चेयरमैन मेघराज सिंह शेखावत की प्रेरणा और पहल पर प्रस्तावित मंदिर के निर्माण की तैयारियां चल रही हैं। इसके लिए चुनार के प्रसिद्ध गुलाबी पत्थरों को तराशकर उन पर बारीक नक्काशी की जा रही है। राजस्थान के कुशल शिल्पकार पारंपरिक विधि से पत्थरों को आकार दे रहे हैं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार करीब 1300 टन पत्थरों से 60 फीट ऊँचे मंदिर का निर्माण होगा। दुर्ग की दक्षिणी दीवार की ओर नींव निर्माण का कार्य शुरू हो चुका है।
पीपीपी मॉडल के रूप में चुनार दुर्ग को विकसित कर रहे चुनार फोर्ट एंड पैलेस प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंधक प्रीतम सिंह चौहान ने बताया कि मंदिर निर्माण केवल एक स्थापत्य संरचना तैयार करने का प्रयास नहीं, बल्कि चुनार की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक विरासत को सम्मान देने की पहल है। चुनार के गुलाबी पत्थरों पर राजस्थान के शिल्पकारों की पारंपरिक नक्काशी इस मंदिर को विशिष्ट पहचान देगी। निर्माण की तैयारियां चल रही हैं। शीघ्र ही औपचारिक शिलान्यास कराया जाएगा, जिसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आमंत्रित किया जाएगा।
भर्तृहरि की तपस्या से जुड़ी है चुनार की पहचान
उज्जैन के राजा भर्तृहरि राजपाट त्यागकर गुरु गोरखनाथ के शिष्य बने और चुनार की पहाड़ी पर साधना करने लगे थे। उनके छोटे भाई सम्राट विक्रमादित्य उन्हें वापस ले जाने पहुंचे, लेकिन भर्तृहरि ने सांसारिक जीवन में लौटने से मना कर दिया। दुर्ग परिसर में स्थित उनकी समाधि इसी लोकपरंपरा की स्मृति संजोए हुए है। नाथ संप्रदाय की इस साधना परंपरा से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी गोरक्षपीठ के माध्यम से जुड़े हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।