जुमे की नमाज में उमड़ी रोजेदारों की भीड़
जासं, मीरजापुर: जिले में शुक्रवार को दोपहर में जुमे की नमाज के लिए हर मस्जिदों में अकीदतमंदों की
जासं, मीरजापुर: जिले में शुक्रवार को दोपहर में जुमे की नमाज के लिए हर मस्जिदों में अकीदतमंदों की भीड़ उमड़ पड़ी। उमस भरी गर्मी के बाद भी रोजेदार तेज धूप में चलकर पास की मस्जिद में पहुंचे और नमाज अदा किया।
इन दिनों रमजान का महीना चल रहा है। आम तौर पर जुमे की नमाज तो सभी अदा करते हैं लेकिन रमजान में यह संख्या बढ़ जाती है। छोटे- छोटे बच्चे हो या बड़े बूढ़े सभी रोजा रखते हैं और जुमे की नमाज मस्जिद में जरूर अदा करते हैं। शुक्रवार को उमस भरी गर्मी थी। बादल के साथ धूप भी थी जो बहुत गर्मी उत्पन्न कर रही थी लेकिन मस्जिदों में बहुत भीड़ उमड़ी। रामबाग मस्जिद, संकटमोचन मार्ग की मस्जिद, वासलीगंज के घास की गली स्थित शीशे वाली मस्जिद, गंगा बाई की मस्जिद, त्रिमोहानी, नारघाट, संगमोहाल व नगर की अधिकांश मस्जिदों में दोपहर के समय नमाज अदा करने के लिए उमड़ पड़े। मस्जिदों के बाहर याचकों की भी भीड़ लगी रही। इस माह में रोजेदार जकात निकालते हैं। उसके लिए भी बड़ी संख्या में लोग आते हैं। आमतौर पर हर मुस्लिम परिवार रमजान में जकात निकालता है। इससे कुछ जरूरतमंदों की मदद भी हो जाती है। नगर में काफी चहल- पहल रही।