रेस्क्यू ऑपरेशन, 38 घंटे बाद मिला जलाशय से युवक का शव
स्थानीय चौकी क्षेत्र के पड़रिया कला गांव स्थित जलाशय में गुरुवार की देर रात मछली मारने गया महेंद्र (32) का शव 3
जागरण संवाददाता, पटेहरा (मीरजापुर) : स्थानीय चौकी क्षेत्र के पड़रिया कला गांव स्थित जलाशय में गुरुवार की देर रात मछली मारने गया महेंद्र (32) का शव 38 घंटे बाद रविवार को दोपहर बाद बंधे के दूसरे छोर पर कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू आपरेशन के जरिए ढूंढ निकाला गया। शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने आक्रोशित होकर शव पुलिस को देने से इंकार कर दिया। परिजनों संग ग्रामीणों ने हत्या का आरोप लगा आरोपित ठेकेदार व उनके आदमियों की गिरफ्तारी व मुआवजा की मांग करने लगे। दो घंटे बाद एसडीएम के आश्वासन पर सभी मान गए, शव पुलिस को सौंप दिया।
पटेहरा कला निवासी महेंद्र साथी कल्लू के साथ गुरुवार की रात में शिवसागर बांध के जलाशय में जाल पहले से फैलाया था। चोरी-छिपे मछली निकालने के लिए पहुंचे थे तब तक पालक नाव पर से ही टार्च जला दिया, जिससे कल्लू तो भाग गया लेकिन महेंद्र लापता हो गया था। सुबह कल्लू जब महेंद्र का कपड़ा लेकर घर गया तब परिवार में हलचल मच गई। ग्रामीणों ने खोजबीन कर चौकी पटेहरा पुलिस को सूचना दी। शुक्रवार को पूरे दिन खोजने के बाद पता नहीं लग सका तो गांव के लोग उग्र होने लगे थे। जिसे देखते हुए लालगंज व मड़िहान पुलिस फोर्स को बुला लिया गया था। पीएसी बल की मौजूदगी में एसडीएम मड़िहान के निर्देश पर गोताखोरों द्वारा तलाश किया गया लेकिन रात हो जाने के कारण कुछ नहीं पता चल पाया। शनिवार सुबह एसडीएम शिवप्रसाद, प्रभारी निरीक्षक मड़िहान राजकुमार सिंह पीएसी बल व गोताखोर लेकर फिर पहुंच गए और युवक की तलाश शुरू की गई। दोपहर में जब बंधे से शव बरामद किया गया तो स्वजनों के सब्र का बांध टूटने लगा व उग्र हो गए तथा बंधे के ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर नारेबाजी करने लगे। एसडीएम द्वारा परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कृषि आवंटन एवं राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ दिलाने का आश्वासन दिया गया।