मीरजापुर: RailOne एप से यात्रियों को एक ही जगह मिलेगी सभी डिजिटल सेवाएं, जनरल टिकट पर 3 प्रतिशत छूट
मीरजापुर के चुनार रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को रेल वन एप की डिजिटल सुविधाओं के प्रति जागरूक किया गया।

चुनार जंक्शन पर यात्रियों को रेल वन एप के बारे में जानकारी देते वाणिज्य विभाग की टीम। स्रोत-रेलवे
HighLights
अनारक्षित टिकट पर डिजिटल भुगतान से 3% छूट।
रेल वन एप पर सभी यात्री सेवाएं उपलब्ध।
ट्रेन की स्थिति, टिकट बुकिंग, ई-कैटरिंग सुविधा।
जागरण संवाददाता, मीरजापुर। चुनार रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को डिजिटल रेल सुविधाओं से जोड़ने के उद्देश्य से यात्रियों को रेल वन एप के प्रति जागरूक किया गया। बताया गया कि इस एप के माध्यम से अनारक्षित टिकट के लिए डिजिटल भुगतान करने पर तीन प्रतिशत की छूट भी मिलेगा। बताया गया कि रेल वन एप के माध्यम से रेलवे की विभिन्न यात्री सेवाओं का लाभ एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आसानी से लिया जा सकता है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हरिमोहन के मार्गदर्शन में वाणिज्य विभाग के सीएमआई एसके अकेला समेत अन्य कर्मचारियों द्वारा यात्रियों को रेल वन एप की उपयोगिता एवं इसके माध्यम से उपलब्ध विभिन्न यात्री सुविधाओं की जानकारी दी गई। रेल कर्मचारियों द्वारा यात्रियों को एप डाउनलोड करने, पंजीकरण करने तथा टिकट बुकिंग सहित अन्य सुविधाओं के उपयोग की प्रक्रिया के बारे में व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई।
यात्रियों को रेलवे टिकट काउंटर से आरक्षित एवं अनारक्षित टिकट लेते समय डिजिटल भुगतान माध्यमों का अधिकाधिक उपयोग करने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया। उन्हें यूपीआइ, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग आदि डिजिटल भुगतान माध्यमों से भुगतान करने के लाभों के बारे में बताया गया। डिजिटल भुगतान से टिकट खरीदने की प्रक्रिया अधिक सरल, सुविधाजनक एवं पारदर्शी बनती है।
रेल वन एप की प्रमुख विशेषताएं:
-ट्रेन, कोच पोजीशन एवं पीएनआर से संबंधित जानकारी।
-आरक्षित एवं अनारक्षित टिकटों की बुकिंग एवं रद्दीकरण।
-ट्रेन की रियल टाइम स्थिति एवं पूछताछ की सुविधा।
-ई-कैटरिंग सेवा के माध्यम से भोजन की आनलाइन बुकिंग।
-शिकायत एवं सुझाव दर्ज कराने तथा उनकी स्थिति देखने की सुविधा।
उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने कहा कि यात्री रेल वन एप पर अपलोड कर रेल यात्रा से संबंधित डिजिटल सुविधाओं का अधिकाधिक उपयोग करें तथा टिकट एवं अन्य सेवाओं के लिए सुरक्षित एवं सुविधाजनक डिजिटल माध्यमों को अपनाएं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।