मीरजापुर में नेशनल हाईवे की पटरियों पर सजा दिया कंबल बाजार, हादसे का अंदेशा
मीरजापुर के हलिया में अतरैला राजा टोल प्लाजा के पास नेशनल हाईवे की पटरियों पर कंबल बाजार सज गया है। इससे खरीदारी के लिए रुकने वाले वाहनों के कारण तेज रफ्तार यातायात के बीच हादसे का खतरा बढ़ गया है, जिस पर प्रशासन से कार्रवाई की मांग की जा रही है।

मीरजापुर नेशनल हाईवे पर कंबल बाजार से बढ़ा हादसे का खतरा।
HighLights
नेशनल हाईवे की पटरियों पर कंबल बाजार सजा
खरीदारी के लिए रुकने वाले वाहनों से हादसे का खतरा
प्रशासन से अतिक्रमण हटाने और कार्रवाई की मांग
जागरण संवाददाता, हलिया (मीरजापुर)। अतरैला राजा टोल प्लाजा के उत्तरी और दक्षिणी छोर पर नेशनल हाइवे की पटरियों पर कंबलों की दुकानें सज गई हैं। राजस्थान से आए व्यापारियों ने तिरपाल बिछाकर कंबलों का स्टाक जमा किया है।
क्षेत्रीय लोगों ने खतरे की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, ठंड बढ़ने के साथ खरीदारी के लिए भीड़ जुट रही है। ग्राहक हाइवे पर वाहन खड़े कर खरीदारी करते हैं, जिससे तेज रफ्तार वाहनों के बीच हादसे का खतरा बढ़ गया है। मार्ग पर चौबीसों घंटे भारी वाहनों का आवागमन रहता है।
इसके बावजूद यातायात पुलिस, हाइवे प्रबंधन और प्रशासन कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। लोगों ने चेताया कि समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो राहगीरों की जान खतरे में पड़ सकती है। राहगीर महेश, राकेश, महेश, नान्हक और रमेश कुमार ने प्रशासन से अतिक्रमण हटाने की मांग की है।