विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मीरजापुर में डाक विभाग ने खोले सातों दिन सेवा के द्वार, आधार के लिए नहीं करना होगा इंतजार

By Kamleshwar Sharan Edited By: Abhishek sharma
Published: Sun, 22 Nov 2026 06:33 PM (GMT+05:30)

डाक विभाग ने मीरजापुर मंडल में आधार पंजीकरण और संशोधन सेवाएं सप्ताह के सातों दिन उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। इससे नौकरीपेशा, विद्यार्थी और ग्रामीण नागरिकों को आधार संबंधी कार्यों के लिए छुट्टी लेने की परेशानी से मुक्ति मिलेगी।

मीरजापुर में अब सातों दिन बनेंगे आधार, डाक विभाग ने दी बड़ी राहत।

मीरजापुर में अब सातों दिन बनेंगे आधार, डाक विभाग ने दी बड़ी राहत।

HighLights

  1. डाक विभाग ने सातों दिन आधार सेवा शुरू की।

  2. मीरजापुर मंडल के चिह्नित डाकघरों में मिलेगी सुविधा।

  3. आधार पंजीकरण और संशोधन अब बिना छुट्टी संभव।

जागरण संवाददाता, मीरजापुर। आधार बनवाने और उसमें संशोधन कराने के लिए अब लोगों को सप्ताह में किसी एक कार्यदिवस का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। डाक विभाग ने नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मीरजापुर मंडल के चिह्नित डाकघरों में आधार पंजीकरण और आधार संबंधी संशोधन की सेवाएं सप्ताह के सातों दिन उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।

इससे नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, महिलाओं और ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। मीरजापुर मंडल के डाक अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि प्रथम चरण में मीरजापुर एवं राबर्ट्सगंज प्रधान डाकघरों के साथ चुनार, दुद्धी और रेणुकूट उपडाकघरों को इस सुविधा के लिए चिह्नित किया गया है।

यहां सप्ताह के सातों दिन आधार पंजीकरण और आधार में आवश्यक संशोधन की सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। अब तक आधार संबंधी काम के लिए डाकघर पहुंचने वाले लोगों को समय और कार्यदिवस का ध्यान रखना पड़ता था। खासकर नौकरीपेशा और दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों को छुट्टी लेकर आधार केंद्र पहुंचना पड़ता था। कई बार भीड़ या समयाभाव के कारण बिना काम कराए लौटना भी पड़ता था।

सातों दिन सेवा उपलब्ध होने से इस परेशानी में कमी आएगी। अब नागरिक आधार का नया पंजीकरण कराने अथवा उसमें आवश्यक संशोधन के लिए अपने नजदीकी डाकघर स्थित आधार केंद्र पर पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।