नवरात्र के पहले दिन पूर्व IAS दिव्या मित्तल विंध्याचल मंदिर पहुंचीं, आम दर्शनार्थी की तरह लाइन में लगकर किया दर्शन
पूर्व जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने नवरात्र के पहले दिन मीरजापुर के विंध्याचल मंदिर में आम दर्शनार्थी की तरह लाइन में ...और पढ़ें
HighLights
पूर्व DM दिव्या मित्तल ने विंध्याचल मंदिर में दर्शन किए।
नवरात्र के पहले दिन आम दर्शनार्थी की तरह लाइन में लगीं।
मिर्ज़ापुर पहुंचने पर दिव्या मित्तल का भव्य स्वागत हुआ।
जागरण संवाददाता, मीरजापुर। कभी जिले की बागडोर बतौर डीएम संभालने वाली दिव्या मित्तल ने सियासत की राह पकड़ी तो रविवार को मां विंध्यवासिनी मंदिर में दर्शन पूजन करने आम नागरिक की तरह गईं। कतार में लगीं और अपनी बारी आने का इंतजार किया। हालांकि डीएम के पद पर रहते उनको शायद ही कभी लाइन में लगना पड़ा होगा।
पूर्व जिलाधिकारी दिव्या मित्तल नवरात्र के पहले दिन रविवार को जनपद में पहुंची। उन्होंने विंध्याचल पहुंचकर आम दर्शनार्थी की तरह लाइन में लगकर मां विंध्यवासिनी का दर्शन पूजन किया। इसके पूर्व इनका जिगना क्षेत्र के सुमतिया स्थित शिव गुप्ता मिष्ठान भंडार पर स्वागत अभिनन्दन किया गया।
दोपहर लगभग एक बजे जिले की पूर्व जिलाधिकारी दिव्या मित्तल का प्रयागराज मीरजापुर मार्ग पर स्थित शिव गुप्ता मिष्ठान भंडार पर पहुंचते ही फूल का वर्षा कर दिव्या दीदी जिन्दाबाद, दिव्या मित्तल जिन्दाबाद, देश का नेता कैसा हो दिव्या मित्तल जैसा हो के नारों से क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। वहीं अपने बीच लोग उनको पाकर भी उनसे चर्चा करते नजर आए।
इस दौरान सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने स्वागत अभिनन्दन कर फूल मालाओं से लाद दिया। लालगंज क्षेत्र के मझियार गांव की प्रधान सुनिता गुप्ता समेत दर्जनों महिलाओं ने स्वागत अभिनन्दन किया। उसके बाद गैपुरा में समर्थकों ने उनका स्वागत किया। तत्पश्चात विंध्याचल के लिए निकलीं और रास्ते में अपने समय को याद भी किया। बताते चलें कि मां विध्यवासिनी के जन्मदिन के मौके पर उन्होंने इस्तीफा दे दिया था।
