विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मीरजापुर में खरना के साथ निर्जला व्रत शुरू, अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर होगी आराधना

By Gurupreet Singh Edited By: Abhishek sharma
Published: Sat, 14 Nov 2026 05:11 PM (IST)

मीरजापुर के चुनार में महापर्व छठ का खरना अनुष्ठान शनिवार शाम से शुरू हो गया, जिसके साथ 36 घंटे का ...और पढ़ें

मीरजापुर में खरना के साथ शुरू हुआ निर्जला व्रत छठ पूजा की धूम।

मीरजापुर में खरना के साथ शुरू हुआ निर्जला व्रत छठ पूजा की धूम।

HighLights

  1. खरना अनुष्ठान के साथ 36 घंटे का निर्जला व्रत आरंभ।

  2. व्रतियों ने गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद तैयार किया।

  3. घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश और सुरक्षा व्यवस्था पूरी।

जागरण संवाददाता, चुनार (मीरजापुर)। आस्था, संयम और साधना के महापर्व छठ पर शनिवार की शाम खरना अनुष्ठान के साथ 36 घंटे का निर्जला व्रत आरंभ हो गया। दिनभर उपवास रखने के बाद व्रतियों ने स्नान कर पूरी शुद्धता और निष्ठा के साथ गुड़ की खीर, अरवा चावल और रोटी का प्रसाद तैयार किया। भगवान सूर्य को भोग लगाने और पूजा-अर्चना के बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण किया। इसी के साथ अन्न-जल का त्याग कर कठिन निर्जला साधना शुरू हो गई।

व्रती महिलाएं पारंपरिक छठ गीतों के माध्यम से छठी मइया की महिमा का गुणगान करती रहीं। रविवार को अस्ताचलगामी व सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय अनुष्ठान का समापन होगा। खरना के बाद बाजारों में भी पर्व की रौनक बढ़ी रही। फल की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ी। नारियल, केला सहित पूजन में उपयोग होने वाले फलों के साथ बांस के सूप और दउरा की खरीदारी हुई। व्रतियों ने पूजन सामग्री जुटाने के साथ रविवार को होने वाले अर्घ्य की तैयारियां पूरी कीं।

घाटों पर तैयारियों को दिया अंतिम रूप
छठ पूजा को लेकर नगर पालिका ईओ विजय कुमार यादव और एसआई लालमणि यादव की देखरेख में घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश और टेंट की व्यवस्था को अंतिम रूप दिया गया। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए गंगा में बांस-बल्लियों के सहारे बैरिकेडिंग भी कराई गई। वहीं, घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोतवाल अजय सेठ पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।