विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दुनिया को लुभा रहा विंध्य का प्राकृतिक सौंदर्य, 3000 श्रद्धालुओं ने रोप-वे से किया सफर

Published: Mon, 12 Oct 2026 02:39 PM (GMT+05:30)

विंध्याचल रोप-वे की सवारी श्रद्धालुओं और पर्यटकों को प्राकृतिक सौंदर्य का अनुभव करा रही है, जिससे यह क्षेत्र आकर्षण का केंद्र बन गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. रोप-वे से विंध्याचल की प्राकृतिक सुंदरता का अनुभव।

  2. शारदीय नवरात्र में 3000 से अधिक श्रद्धालुओं ने की सवारी।

  3. स्थानीय पर्यटन और अर्थव्यवस्था को मिल रहा बढ़ावा।

जागरण संवाददाता, मीरजापुर। मां विंध्यवासिनी के जयकारे, ऊंची पहाड़ियों, गंगा के विहंगम दृश्य और विंध्य की प्राकृतिक छटा के बीच रोप-वे की सवारी श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बन रही है।

विंध्याचल की यात्रा अब दर्शन-पूजन तक सीमित नहीं है, पर्यटकों को प्रकृति के मनोरम नजारों का आनंद लेने का अवसर भी दे रही है। इससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी।

रोप-वे इंचार्ज संजय चौबे ने बताया कि शारदीय नवरात्र के पहले दिन अष्टभुजा में करीब 500 और कालीखोह में एक हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने रोप-वे की सवारी की। दूसरे दिन को मिलाकर लगभग 3000 श्रद्धालुओं ने रोप-वे से उड़ान भरी।

मां विंध्यवासिनी के दर्शन के बाद अष्टभुजा और कालीखोह पहाड़ियों तक पहुंचना अब पहले की अपेक्षा आसान हो गया है। बच्चे, बुजुर्ग और युवा श्रद्धालु रोप-वे से यात्रा करते हुए विंध्य की पहाड़ियों और गंगा के मनोरम दृश्यों का आनंद ले रहे हैं। आसपास बंदरों की चहल-पहल और पक्षियों की चहचहाहट प्राकृतिक वातावरण को और आकर्षक बना रही है।

प्राकृतिक नजारों का आकर्षण

रोप-वे से यात्रा के दौरान विंध्य की पहाड़ियों, हरियाली और दूर तक फैले प्राकृतिक परिदृश्य को देखने का अवसर मिलता है। प्रकृति का आनंद लेने के इच्छुक श्रद्धालुओं के लिए यह अनुभव खास बन रहा है। परिवार के साथ आने वाले पर्यटकों और प्रकृति प्रेमियों को भी विंध्याचल में समय बिताने का नया अवसर मिल रहा है।

रोजगार और कारोबार के बढ़ेंगे अवसर

पर्यटन गतिविधियों में वृद्धि से होटल, खानपान, स्थानीय परिवहन, प्रसाद और पूजा सामग्री की दुकानों को लाभ मिलने की उम्मीद है। कारोबार को गति मिलेगी और रोजगार के नए अवसर भी बढ़ेंगे। ऐसे में रोप-वे धार्मिक पर्यटन के साथ क्षेत्र के आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

यह भी पढ़ें- दिवाली-छठ पर घर पहुंचना होगा आसान: रोडवेज चलाएगा अतिरिक्त बसें, अलीगढ़-दिल्ली सहित कई रूटों पर चलेंगी गाड़ियां