यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 27, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Mirzapur News: ठेला वाले ने स्वजनों के साथ मिलकर मां-बेटे को सरेराह लाठियाें से पीटा, हालत गंभीर
उत्तर प्रदेश के मिरजापुर जिले में कछवां पुलिस चौकी के पास लगे ठेले पर चने का चार दाना बालक के ...और पढ़ें

संवादसूत्र, कछवां (मीरजापुर) : कछवां पुलिस चौकी के पास लगे ठेले पर चने का चार दाना बालक के हाथ से छूकर गिर जाने पर ठेला वाले ने अपने घर की महिलाओं के साथ मिलकर बीच सड़क पर महिला और उसके मासूम बेटे की सरेराह लाठियों से पिटाई कर दी।
हद तो तब हो गई जब वहां मौजूद भीड़ में से किसी ने महिला को बचाने की कोशिश तक नहीं की। गंभीर रूप से घायल महिला को सीएचसी कछवां में भर्ती कराया गया है।
घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ तो पुलिस को इसकी जानकारी लगी। मामले का संज्ञान लेते हुए कछवां निरीक्षक ने चार लोगों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध मारपीट का मामला दर्ज कर पूछताछ कर रहे हैं।
कछवां के सरावा गांव की संगीता देवी अपने छोटे पुत्र चंदन को लेकर रविवार को कछवां बाजार सामान खरीदने आ रही थी। इसी दौरान उसके पुत्र के हाथ से कछवां पुलिस चौकी के पास लगे चने के ठेले से छू गया। इससे कुछ चना का दाना गिर गया। इससे बगैचा हाशमी नाराज हो गया और बालक को पीटने लगा।
बेटे को बचाने आई मां से हुआ विवाद
बेटे को बचाने आई मां संगीता देवी से बगैचा हाशिमी का विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर बगैचा हाशिमी, उसका बेटा मोनू हाशमी व घर की महिला राबिया हाशमी और चांदनी लाठी से संगीता को सरेराह मुख्य सड़क पर पीटने लगे। पिटाई के दर्द से महिला चीखती रही, लेकिन वहां मौजूद भीड़ बीच-बचाव करने के बजाय तमाशबीन बनी रही। किसी ने महिला को पीटने से नहीं बचाया।
हालांकि कुछ लोगों ने घटना को अपने मोबाइल में कैद कर लिया और वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर किया। वीडियो देख पहुंचे थाना प्रभारी रामस्वरूप वर्मा चार आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रहे हैं।
मासूम बच्चे की मामूली चूक को दिया बड़ा तूल
स्थानीय लोगों का मानना है कि बच्चे के हाथ से ठेले पर लगे चने का कुछ दाना गिर भी गए तो इतना बड़ा अपराध नहीं था कि महिला और उसके मासूम बेटे को सरेराह पिटाई कर दी। यह गलत है। इनपर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
अतिक्रमण के चलते वहां आए दिन होता है विवाद
कछवां बाजार में सड़क दाेनों ओर शराब, बीयर व देशी-शराब की दुकान है। इससे उसके आसपास अंडा, चखना, ब्रेड पकौड़ा आदि खाने वाली वस्तु लगाने वाले ठेलाकर्मी सड़क किनारे अतिक्रमण किए हुए हैं। जिनपर कार्रवाई नहीं की जा रही है। इससे आने-जाने वाले लोगों को परेशानी हो रही है। छह माह पूर्व एसडीएम सदर चंद्रभानू सिंह ने कछवां बाजार थाना तिराहे से लेकर नगर पंचायत कछवां के आसपास व चुनार राेड तक अतिक्रमण हटवाया था। कुछ दिन तक मामला ठीक रहा लेकिन फिर लोगों ने अतिक्रमण कर लिया।
