विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नारायनपुर बाजार-दादरी स्पेशल ट्रेन का शकूर बस्ती दिल्ली तक किया गया विस्तार, आज होगा शुभारंभ

Published: Sat, 17 Oct 2026 12:03 PM (IST)

उत्तर मध्य रेलवे ने नरायनपुर बाजार-दादरी ट्रेन (04163/04164) का विस्तार अब शकूर बस्ती दिल्ली तक कर दिया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. ट्रेन 04163/04164 का विस्तार शकूर बस्ती दिल्ली तक।

  2. पूर्वी यूपी और पश्चिम दिल्ली के बीच सीधा रेल संपर्क।

  3. यात्रियों, छात्रों, व्यापारियों को समय और किराए की बचत।

जागरण संवाददाता, मीरजापुर। उत्तर मध्य रेलवे की ओर से यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष ट्रेनों के परिचालन विस्तार का निर्णय लिया गया है। इसके तहत जनपद के नरायनपुर बाजार-दादरी-नारायनपुर बाज़ार ट्रेन 04163/04164 का प्रारंभिक अंतिम स्टेशन दादरी के स्थान पर परिवर्तित कर शकूर बस्ती दिल्ली कर दिया गया है।

हालांकि पहले दादरी तक यह ट्रेन जाती थी, लेकिन यात्रियों की मांग पर शकूर बस्ती तक जाएंगी। इसका शुभारंभ शनिवार को नरायनपुर बाजार स्टेशन से होगा। इससे पूर्वी व मध्य उत्तर प्रदेश और पश्चिम दिल्ली के बीच एक सीधा और सशक्त रेल संपर्क स्थापित हो जाएगा।

इस ट्रेन के चलने से प्रयागराज, मीरजापुर, चुनार, कानपुर और अलीगढ़ से आने-जाने वाले यात्रियों, छात्रों और व्यापारियों को अब दादरी तक यात्रा समाप्त होने के बाद दिल्ली में प्रवेश करने के लिए बस, कैब या मेट्रो जैसी वैकल्पिक परिवहन प्रणालियों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

इसके साथ ही प्रयागराज की धार्मिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों, मीरजापुर की सांस्कृतिक एवं पर्यटन पहचान तथा कानपुर, इटावा, अलीगढ़, दादरी और गाजियाबाद जैसे प्रमुख शहरों से होने वाले आवागमन को इससे सुविधा भी मिलेगी। यह सीधी सेवा न केवल यात्रियों के समय और अतिरिक्त किराए की बचत करेगी, बल्कि नई दिल्ली और पुरानी दिल्ली जैसे अत्यधिक व्यस्त टर्मिनल स्टेशनों पर भीड़ का दबाव भी काफी हद तक कम करेगी।

यह भी पढ़ें- नई दिल्ली-पटना के बीच शुरू हुई स्पेशल वंदे भारत, दीपावली और छठ पर घर जाना हुआ आसान

इसके अलावा शकूर बस्ती रोहतक, बहादुरगढ़, भिवानी और जींद जाने वाले रेलमार्ग का एक महत्वपूर्ण जंक्शन होने के साथ दिल्ली का एक बड़ा माल गोदाम और लाजिस्टिक्स हब भी है। जिससे उत्तर प्रदेश के कृषि व व्यापारिक केंद्रों का सीधे पश्चिमी दिल्ली, हरियाणा और पंजाब के औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़ाव संभव हो सकेगा।

नरायनपुर बाजार-शकूर बस्ती (04163) ट्रेन 17 अक्टूबर से 16 दिसंबर तक सप्ताह में तीन दिन (मंगलवार, बुधवार एवं शनिवार) नरायनपुर बाजार से संचालित होगी। इसी तरह शकूर बस्ती-नरायनपुर बाजार (04164) ट्रेन 16 अक्टूबर से 15 दिसंबर तक सप्ताह में तीन दिन (सोमवार, मंगलवार एवं शुक्रवार) शकूर बस्ती से संचालित होगी।- डॉ. शिवम शर्मा, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज