नई दिल्ली-पटना के बीच शुरू हुई स्पेशल वंदे भारत, दीपावली और छठ पर घर जाना हुआ आसान
दीपावली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने नई दिल्ली-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन शुरू की है।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
दीपावली-छठ के लिए दिल्ली-पटना वंदे भारत स्पेशल ट्रेन शुरू।
यह ट्रेन कानपुर सेंट्रल से होकर 26 नवंबर तक चलेगी।
यात्रियों की सुविधा हेतु कई अन्य पूजा स्पेशल ट्रेनें भी।
जागरण संवाददाता, कानपुर। दीपावली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने विशेष ट्रेनों के संचालन की तैयारी की है। नई दिल्ली-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस स्पेशल शुक्रवार को कानपुर सेंट्रल से होकर निकली।
इस ट्रेन की सुविधा यात्रियों को 26 नवंबर तक मिलेगी। वंदेभारत नई दिल्ली से कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज, मुगलसराय होते हुए पटना तक जाएगी। साथ ही कई और पूजा स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की गई है।
उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डा. शिवम शर्मा ने बताया कि ट्रेन नंबर 02252/02251 नई दिल्ली-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस चलाई गई है। नई दिल्ली से पटना के लिए अब 18 अक्टूबर को तथा पटना से नई दिल्ली के लिए 17 और 19 अक्टूबर को ट्रेन चलेगी।
इसके बाद 21 अक्टूबर से 25 नवंबर तक नई दिल्ली से प्रत्येक सोमवार, बुधवार और शनिवार को तथा 22 अक्टूबर से 26 नवंबर तक पटना से प्रत्येक मंगलवार, गुरुवार और रविवार को इसका संचालन किया जाएगा। इसके अलावा पूजा स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की गई है। अलग-अलग जगहों के लिए करीब दो दर्जन पूजा स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की गई है।
