मीरजापुर में भैंस चराने गए व्यक्ति पर तेंदुआ ने किया हमला, हालत गंभीर
मीरजापुर के ड्रमंडगंज वनरेंज में भैंस चरा रहे एक व्यक्ति पर तेंदुए ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। महिला वाचर की बहादुरी से उसकी जान बची।
HighLights
तेंदुए ने भैंस चरा रहे व्यक्ति पर हमला किया।
महिला वाचर ने शोर मचाकर तेंदुए को भगाया।
घायल व्यक्ति को मंडलीय अस्पताल रेफर किया गया।
जागरण संवाददाता, मीरजापुर। ड्रमंडगंज वनरेंज के बबुरा रघुनाथ सिंह गांव के गंगहर जंगल में गुरुवार दोपहर भैस चराने गए बबुरा रघुनाथ सिंह गांव के सझिया बस्ती निवासी केवला शंकर उर्फ लड़ाका कोल के ऊपर झाड़ियों में छिपे तेंदुआ ने अचानक हमला कर लहूलुहान कर दिया।
केवला शंकर दोपहर में भैंस चराने के बाद सुखनई नदी में भैंस को पानी पिलाने गए थे उसी दौरान तेंदुआ उन पर टूट पड़ा। करीब दस मिनट तक पशुपालक तेंदुआ से डटकर मुकाबला करता रहा।
पशुपालक की चीख-पुकार सुनकर बगल के प्लांटेशन में कार्य कर रही महिला वाचर श्याम देई पशुपालक को बचाने की आवाज लगाते हुए लाठी लेकर दौड़ी। महिला वाचर के शोरगुल मचाने पर हमलावर तेंदुआ जंगल की ओर सरपट दौड़ लगा दिया।
महिला वाचर तथा पास में बकरियों को चरा रहे किरका बस्ती निवासी पशुपालक सियाराम पाल मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से घायल पशुपालक को चारपाई पर लिटाकर उनके घर पहुंचाया। पशुपालक के जांघ,पेट,हाथ और गर्दन में गंभीर चोटें आई हैं।सूचना पर ग्रामीणों संग पहुंचे ग्राम प्रशासक पति पुंडरीक सिंह मोनू ने निजी साधन से उपचार हेतु पीएचसी हलिया भेजवाया।
पीएचसी हलिया की डॉ रीना सिंह ने प्राथमिक उपचार के बाद पशुपालक की गंभीर चोट को देखते हुए मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया।ग्राम प्रशासक पति पुंडरीक सिंह की सूचना पर पहुंचे एसआइ गुलाब सोनकर वन दारोगा अखिलेश दुबे, कुमार कार्तिकेय वनकर्मी रामसजीवन वर्मा, सियाराम पाल वनपाल सिंह, लवकुश सिंह ने ग्रामीणों संग घटना स्थल पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
वन दारोगा कुमार कार्तिकेय ने बताया कि घटना स्थल पर जो पद चिन्ह दिखाई दिया वह तेंदुआ का है। ग्रामीणों व चरवाहों को जंगल के आसपास पशुओं को नही ले जाने व तेंदुआ से बचाव हेतु सतर्कता बरतने के लिए कहा गया है। ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते वनविभाग की टीम गांव में तैनात है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।