मीरजापुर में गांवों को स्वच्छ बनाने की पहल पर ताला, योजना को कैसे पलीता लगता है जान सकते हैं जमीनी हकीकत देखकर
मीरजापुर के गलरिया ग्राम पंचायत में लाखों की लागत से बना कूड़ा निस्तारण केंद्र (आरआरसी) दो साल से अधिक समय से बंद है। अधिकारियों की उदासीनता के कारण स्वच्छता अभियान प्रभावित हो रहा है, जिससे ग्रामीण खुले में कूड़ा फेंकने को मजबूर हैं और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।

मीरजापुर में बंद कूड़ा निस्तारण केंद्र, स्वच्छता अभियान पर अधिकारियों की लापरवाही।
HighLights
गलरिया ग्राम पंचायत में कूड़ा निस्तारण केंद्र दो साल से बंद।
लाखों रुपये खर्च कर बना केंद्र, अब ताला लगा है।
अधिकारियों की लापरवाही से स्वच्छता अभियान प्रभावित, ग्रामीण परेशान।
जागरण संवाददाता, ड्रमंडगंज (मीरजापुर)। सरकार एक ओर जहां गांवों को स्वच्छ बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं को संचालित कर रही है वहीं जिम्मेदारों की उदासीनता से योजना का लाभ ग्रामीणों को नही मिल पा रहा है। क्षेत्र के गलरिया ग्राम पंचायत में बनाया गया कूड़ा निस्तारण केंद्र (आरआरसी) जिम्मेदारों की उदासीनता से दो वर्षों से भी अधिक समय से बंद पड़ा है।
लाखों रुपये खर्च कर बनाए गए आरआरसी में ताला लटक रहा है। आरआरसी का उपयोग नही होने से स्वच्छता अभियान पर जिम्मेदारों द्वारा पानी फेरने का कार्य किया जा रहा है।तीन वर्ष पूर्व गलरिया ग्राम पंचायत में घर घर से कूड़ा एकत्र करने के लिए आरआरसी बनाया गया था। योजना के तहत कूड़ा इकट्ठा कर केंद्र पर लाना था और उसका समुचित निस्तारण करना था।
लेकिन कूड़ा निस्तारण केंद्र बनने के महज कुछ महीनों बाद से ही बंद कर दिया गया।केंद्र पर लगा ताला जंग खा चुका है।ग्रामीण रवि सिंह ने बताया कि तीन वर्ष पूर्व लाखों रुपए की लागत से बनाए गए आरआरसी में ताला बंद कर दिया गया है जिससे योजना का लाभ ग्रामीणों को नही मिल पा रहा है। कूड़ा उठान के लिए खरीदी गई गाड़ियों का भी अता पता नही है।
बताया कि बंद पड़े कूड़ा निस्तारण केंद्र को खोले जाने हेतु छह महीने पूर्व जिलाधिकारी से शिकायत की थी लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नही हुई।कहा कि सफाई दी कर्मियों के गांव में दर्शन नही होता जिससे गांव की गलियां और सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी पसरी हुई है। वहीं ग्रामीण पुष्पराज सिंह व दलबहादुर ने बताया कि आरआरसी निर्माण के कुछ दिनों तक केंद्र पर कूड़ा संग्रह किया गया इसके बाद ताला लगा दिया गया।
दो वर्ष से आज तक आरआरसी का ताला नही खुला। आरोप लगाया कि आरआरसी की सड़क भी कागज पर बना दी गई है जबकि धरातल पर कुछ भी नही है। ग्रामीणों द्वारा घरों का कूड़ा सड़कों, खेतों और नालियों में फेंका जा रहा है। खुले में कूड़ा फेंके जाने से संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से बंद पड़े आरआरसी का ताला खोले जाने व कूड़ा निस्तारण की समुचित व्यवस्था करवाए जाने की मांग की है।इस संबंध में एडीओ पंचायत हलिया रूपेश श्रीवास्तव ने बताया कि गलरिया ग्राम पंचायत में आरआरसी बंद होने की जानकारी नही है। मामले की जांच कर जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।