विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मीरजापुर में अधिवक्ता के भाई की पिटाई पर भड़के वकील, नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय का घेराव

By Prashant Kumar Yadav Edited By: Abhishek sharma
Published: Wed, 25 Nov 2026 05:26 PM (IST)

मीरजापुर में डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय का घेराव किया। यह विरोध अधिवक्ता उमाकांत और श्रीकांत की जमीन पर कथित गलत निर्माण अनुमति और श्रीकांत की पिटाई के विरोध में था, जिसमें उन्होंने कार्रवाई की मांग की।

HighLights

  1. अधिवक्ताओं ने नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय का घेराव कर विरोध जताया।

  2. जमीन विवाद में अधिवक्ता के भाई को गंभीर चोटें आईं।

  3. आरोपितों पर कार्रवाई और नगर मजिस्ट्रेट को हटाने की मांग।

जागरण संवाददाता, मीरजापुर। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन मीरजापुर के अध्यक्ष अभयराज सिंह के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने बुधवार को नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय का घेराव किया। अधिवक्ता उमाकांत तिवारी और श्रीकांत की जमीन पर कथित तौर पर गलत तरीके से निर्माण की अनुमति देने के आदेश पर उन्होंने नाराजगी जताई।

इस दौरान नगर मजिस्ट्रेट के खिलाफ नारेबाजी भी की गई। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि आरोपितों पर कार्रवाई नहीं हुई और नगर मजिस्ट्रेट को नहीं हटाया गया तो वे गुरुवार से धरना देंगे।

एसोसिएशन के सचिव जंग बहादुर ने बताया कि नगर के बरौंधा निवासी अधिवक्ता उमाकांत और श्रीकांत की बरौंधा में जमीन है। उनका आरोप है कि नगर मजिस्ट्रेट ने उनके विपक्षी के पक्ष में जमीन पर निर्माण का आदेश दिया।

इसके बाद उमाकांत और उनके विपक्षी के बीच विवाद हुआ, जिसमें श्रीकांत को गंभीर चोट आई। उनका इलाज बीएचयू के ट्रामा सेंटर में चल रहा है। अधिवक्ताओं ने कहा कि वे अपनी जमीन पर निर्माण की अनुमति के लिए नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय के चक्कर लगाते रहे, लेकिन कोई आदेश नहीं हुआ।

ऐसे में श्रीकांत के विपक्षियों के कागजात पर निर्माण की अनुमति कैसे दे दी गई? इसके बाद अधिवक्ता एसपी कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन कर आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे दोबारा प्रदर्शन करेंगे। प्रदर्शन में अधिवक्ता राजेश दूबे सहित अन्य अधिवक्ता शामिल रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।