लोक गायिका उर्मिला श्रीवास्तव को मिली रत्न सदस्यता
जागरण संवाददाता मीरजापुर उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी ने मीरजापुर की लोक गायिका उ
जागरण संवाददाता, मीरजापुर : उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी ने मीरजापुर की लोक गायिका उर्मिला श्रीवास्तव को लोक गायन के क्षेत्र में अकादमी रत्न सदस्यता प्रदान की है। रत्न सदस्यता मिलने से जनपद के लोगों ने हर्ष जताया। अकादमी अध्यक्ष पद्मश्री डा. राजेश्वर आचार्य की अध्यक्षता में अकादमी परिसर में कार्यकारिणी समिति एवं सामान्य परिषद की बैठक के बाद अकादमी सचिव तरुण राज ने घोषणा की। मुख्यमंत्री कल्याण सिंह विध्य महोत्सव 1999 में सम्मानित कर चुके हैं। कजरी साम्राज्ञी उर्मिला श्रीवास्तव ने कजरी गायन को एक नई ऊंचाई प्रदान की है।
नगर के आर्यकन्या इंटर कालेज में संगीत गायन प्रवक्ता के रूप में शिक्षण कार्य किया। उत्तर प्रदेश के लोकगीत, भोजपुरी, मुख्यत: मीरजापुरी कजरी, देवी गीत, दादरा, कहरवां, पूर्वी, चैती, होली, कजरी, झूमर, खेमटा, बन्नी, सोहर, लचारी, विदेसिया विधा में महारथ हासिल है। महेंद्र मिसिर पुरवइया रत्न सम्मान मारीशस के उच्चाचुक्त मुकेश्वर चुन्नी द्वारा 27 मार्च 2009, भिखारी ठाकुर सम्मान 2006 विश्व भोजपुरी सम्मेलन कोंडदेव स्टेडियम ठाणे मुंबई से मिला है। साथ ही अखिल भारतीय भोजपुरी सम्मेलन दिल्ली 1993, कर्मयोगी पुरस्कार विश्व भोजपुरी सम्मेलन मारीशस 2009 में कजरी साम्राज्ञी सम्मान से नवाजा गया। इसके साथ ही कजरी दंगल में सांस्कृतिक निदेशालय द्वारा प्रथम पुरस्कार राज्यपाल सूरजभान ने दिल्ली हाट में सम्मानित किया था। वहीं अभियान संस्था, धरोहर संस्था मुंबई, मंजूश्री गोरखपुर, जेसीज, लायंस जायंट्स, त्रिवेणी, संस्कार भारतीय, रोटरी, विध्य जेसीज मीरजापुर द्वारा भी उत्कृष्ट लोक गायन के लिए सम्मानित किया गया है। इन्होंने दूरदर्शन लखनऊ, गोरखपुर, दिल्ली, मऊ, इटीवी महुआ के लिए भी लोकगीत गाया है।