जंगबहादुर सिंह अध्यक्ष व विनोद महामंत्री निर्वाचित
यंग बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव में मंगलवार को हुए मतदान में अध्यक्ष पद पर जंग बहादुर सिंह ने 165 मत प्राप्त कर अपने निकटम प्रतिद्वंदी अनमोल सिंह (121) को 44 मतों से पराजित किया।
जागरण संवाददाता, चुनार (मीरजापुर) : यंग बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव में मंगलवार को हुए मतदान में अध्यक्ष पद पर जंग बहादुर सिंह ने 165 मत प्राप्त कर अपने निकटम प्रतिद्वंदी अनमोल सिंह (121) को 44 मतों से पराजित किया। वहीं महामंत्री पर हुई कांटे की टक्कर में विनोद कुमार ने 141 वोट पाकर अपने निकटम प्रतिद्वंदी अभय सिंह (136) को 26 मतों से पराजित किया। संजय यादव को 8 मत मिले। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर अजय कुमार सिंह ने 179 वोट पाकर अपने प्रतिद्वंदी जय कुमार गुप्ता (105) को 74 वोटों से पराजित किया। कुल 305 वोटर अधिवक्ताओं में से 287 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया जिसमें सात ने टेंडर के रूप में मतदान किया।
ईल्डर्स समिति के अध्यक्ष सत्येंद्र नाथ द्विवेदी की देखरेख में मतदान के बाद मतगणना के साथ परिणाम की घोषणा की गई। विजयी प्रत्याशियों को ईल्डर्स कमेटी के अध्यक्ष सहित विनय कुमार श्रीवास्तव, श्याममुरारी सिंह, नंदकिशोर सिंह द्वारा प्रमाण-पत्र जारी किए गए। सहयोगी के रूप में एसोसिएशन के निवर्तमान अध्यक्ष मुन्नू प्रसाद गुप्ता, कल्लू सिंह, अनिल सिंह व सुभाष चंद्र सिंह लगे रहे। इस दौरान कोषाध्यक्ष पद पर अजय कुमार सिंह, कनिष्ठ उपाध्यक्ष शशि प्रकाश सिंह व जयंत कुमार दास, संयुक्त मंत्री जय कुमार, राजेश कुमार व इंद्रमणि तिवारी, वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य जयप्रकाश नारायण, विजय प्रताप सिंह, रामनिहाल सिंह, विजय कुमार मिश्रा, गजेंद्र नारायण सिंह व संजीव कुमार भारती। कनिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य विजय कुमार यादव, सुरेश कुमार यादव, प्रदीप कुमार कुशवाहा, संजीव कुमार सिंह, राजेश कुमार व बुधराम सिंह चुने गए। इसके पहले अध्यक्ष, महामंत्री व वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए सुबह दस बजे से मतदान शुरू हुआ और दोपहर तीन बजे तक चला। मतदान प्रक्रिया में भी ठंड का असर देखने को मिला। मतदान की गति दोपहर बाद तेज हुई। और मतगणना के बाद सवा पांच बजे विजेताओं के नाम घोषित किए गए। इसके बाद विजेता पदाधिकारियों के समर्थकों ने उन्हें फूलमाला से लाद दिया।