जोपा-रामपुर पीपा पुल जर्जर, हादसे को दावत
छानबे विकास खंड के जोपा-रामपुर गंगा घाट पर बना पीपा पुल इन दिनों जर्जर अवस्था में हो गया है। अगर समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो बड़ी दुर्घटना होने की आशंका ग्रामीणों ने जताई है। आरोप लगाया कि कई बार विभागीय अधिकारियों से गुहार लगाई लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। क्षेत्र के लोगों ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए पीपा पुल पर पर्याप्त प्लेट लगवाने के साथ पूर्ण रूप से मरम्मत कराने की मांग की है।
जागरण संवाददाता, गैपुरा (मीरजापुर) : छानबे विकास खंड के जोपा-रामपुर गंगा घाट पर बना पीपा पुल इन दिनों जर्जर अवस्था में हो गया है। अगर समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो बड़ी दुर्घटना होने की आशंका ग्रामीणों ने जताई है। आरोप लगाया कि कई बार विभागीय अधिकारियों से गुहार लगाई लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। क्षेत्र के लोगों ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए पीपा पुल पर पर्याप्त प्लेट लगवाने के साथ पूर्ण रूप से मरम्मत कराने की मांग की है।
क्षेत्र के ऊचडीह निवासी जयशंकर मिश्रा, गोलू सिंह आदि लोगों ने बताया कि जोपा रामपुर गंगा घाट पर जर्जर पीपा पुल होने के कारण आवागमन में भारी असुविधा लोगों को हो रही है। पीपा पुल पर लोहे की सीट न होने के कारण हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। पीपापुल पुर पर लगे बल्लियों के टूटने के कारण बड़े-बड़े होल बन गए हैं। जिससे पैदल चलना भी दुश्वार हो गया है। किसी भी समय लोगों का पैर फंस सकता है और छोटे बच्चे तो गिर कर सकते हैं। इसके अलावा पीपा पुल के दोनों तरफ पर्याप्त प्लेट न होने के कारण प्राय: वाहन बालू की रेत में फंसे होते हैं और जाम की स्थिति बन जाती है। ऐसे में बालू में फंसे वाहन को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ती है। पीपा पुल के नाम पर खड़ा कर दिया ढांचा
जोपा ग्राम पंचायत के प्रधान प्रतिनिधि गोवर्धन सिंह ने बताया कि प्रतिदिन हजारों की संख्या में छात्र, ग्रामीण व मजदूरों का आना जाना होता है लेकिन व्यवस्था के नाम पर महज पीपा पुल का ढांचा तैयार कर दिया गया है। पीपा पुल के दोनों तरफ पर्याप्त प्लेट न होने से राहगीरों को समस्याओं से दो-चार होना पड़ता है। आमने सामने चार पहिया वाहनों के होने पर घंटों जाम की स्थिति भी बनी रहती है।