मीरजापुर में पूर्व सांसद सपा नेता के वाहन पर ईंट से हमला, बेटा गंभीर घायल
मीरजापुर में पूर्व सांसद रमेशचंद्र बिंद के वाहन पर ईंट से हमला हुआ, जिसमें उनका बेटा राकेश बिंद गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी हिमांशु गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है, जो नशे में बताया जा रहा है।

मीरजापुर में पूर्व सांसद सपा नेता के वाहन पर ईंट से हमला बेटे को गंभीर चोट।
HighLights
पूर्व सांसद रमेशचंद्र बिंद के वाहन पर ईंट से हमला हुआ।
हमले में उनके बेटे राकेश बिंद के चेहरे पर गंभीर चोट आई।
पुलिस ने नशे में धुत आरोपी हिमांशु गुप्ता को गिरफ्तार किया।
जागरण संवादददाता, मीरजापुर। बीमार बेटे का मंडलीय चिकित्सालय से इलाज कराकर घर लौट रहे पूर्व सांसद और सपा नेता रमेशचंद्र बिंद के वाहन पर गुरुवार रात कटरा कोतवाली क्षेत्र के बथुआ तिराहे पर एक युवक ने ईंट से हमला कर दिया।
हमले में रमेशचंद्र बिंद बाल-बाल बच गए, लेकिन उनके पास बैठे बेटे 23 वर्षीय राकेश बिंद के चेहरे पर ईंट लगने से गंभीर चोट आई। उसे दोबारा मेडिकल कालेज के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। पूर्व सांसद ने इसे एक जानलेवा हमला होना बताया है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के इटवां गांव निवासी रमेश चंद्र बिंद ने बताया कि गुरुवार रात करीब दस बजे उन्हें पता चला कि उनके बेटे राकेश बिंद के पेट में दर्द हो रहा है। वह बेटे को इलाज के लिए मेडिकल कालेज मंडलीय चिकित्सालय ले गए थे। इलाज के बाद अपनी गाड़ी से घर लौट रहे थे। बथुआ तिराहे पर शीतला मंदिर के पास सड़क किनारे खड़े युवक ने उन्हें नमस्कार किया।
उन्होंने भी जवाब में नमस्कार किया और गाड़ी आगे बढ़ गई। इसी दौरान युवक ने ईंट उठाकर वाहन पर फेंकी। ईंट उन्हें नहीं लगी, लेकिन बेटे के चेहरे पर जा लगी। घटना के बाद कटरा कोतवाली में तहरीर देकर जांच और कार्रवाई की मांग की गई। अपर पुलिस अधीक्षक नगर योगेंद्र सिंह ने बताया कि गुरुवार रात पूर्व सांसद रमेश बिंद पर एक युवक ने ईंट से प्रहार किया था, जिसमें उनका बेटा घायल हुआ है।
आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, वह नशे में था और उसने इसी के चलते घटना करने की बात बताई है। मामले की छानबीन की जा रही है। पकड़ा गया आरोपित नगर के जंगीरोड मोहल्ला निवासी हिमांशु गुप्ता है। जिसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उससे पूछताछ की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।