मीरजापुर में विवाद में बीच-बचाव करने वाले युवक की लाठी से पीट-पीटकर हत्या
मीरजापुर के लालगंज स्थित बामी गांव में ताश खेलने के विवाद को शांत कराने वाले संजय कुमार की एक आरोपी ...और पढ़ें

मीरजापुर में ताश विवाद सुलझाने वाले युवक की लाठी से पीटकर हत्या।
HighLights
ताश विवाद शांत कराने पर युवक की हत्या।
आरोपी ने लाठी से पीटकर मार डाला संजय को।
पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, लालगंज (मीरजापुर)। लालगंज के बामी गांव में ताश खेलने को लेकर हुए विवाद को शांत कराने वाले युवक की एक आरोपित ने लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना उस समय हुई, जब संजय रात करीब आठ बजे लहंगपुर स्थित देशी शराब के ठेके से बाइक से घर लौट रहे थे। घटना के बाद स्वजन ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दो आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
बताया गया कि गुरुवार दोपहर बामी गांव में लालमनी के बेटे और लहंगपुर निवासी रोहित के बीच ताश खेलने को लेकर विवाद हो गया था। संजय ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इससे नाराज रोहित ने संजय से पूछा कि उसने बीच-बचाव क्यों किया और उन्हें देख लेने की धमकी दी। शाम करीब सात बजे बामी निवासी 36 वर्षीय संजय कुमार लहंगपुर स्थित देशी शराब की दुकान के पास गए थे।
वहां से बाइक से घर लौटते समय रात करीब आठ बजे पीछा कर रहे रोहित ने उनके सिर पर लाठी से वार किया। आरोप है कि सिर और चेहरे पर कई वार किए गए, जिससे संजय गंभीर रूप से घायल हो गए। स्वजन और स्थानीय लोग उन्हें अस्पताल ले गए। गंभीर हालत में उन्हें रात में वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह छह बजे उनकी मृत्यु हो गई।
लहंगपुर चौकी प्रभारी गुरु प्रसाद सिंह और लालगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पांडेय मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि हत्या के मामले में दो संदिग्ध आरोपितों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
पत्नी व बच्चों को मुंबई में छोड़कर अकेले ही घर आए थे दीपावली मनाने
संजय पत्नी और बच्चों के साथ मुंबई में रहकर प्राइवेट नौकरी करते थे और परिवार का भरण-पोषण करते थे। दीपावली मनाने के लिए वह अकेले अपने पैतृक गांव बामी आए थे। एक-दो दिन में उन्हें मुंबई लौटना था। स्वजन ने बताया कि उन्हें अंदाजा नहीं था कि गुरुवार दोपहर की मामूली कहासुनी हिंसक घटना में बदल जाएगी। आरोपित मनबढ़ है और सुबह से ही संजय को मारने के लिए उनका पीछा कर रहा था। जिसकी उनको भनक नहीं लग सकी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।