विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सांस्कृतिक विरासत को संजोने में महोत्सवों की अहम भूमिका : ज‍िलाध‍िकारी

By Gurupreet Singh Edited By: Abhishek sharma
Published: Wed, 25 Nov 2026 05:46 PM (IST)

चुनार के गंगा तट पर आयोजित नयनागढ़ महोत्सव में संस्कृति, अध्यात्म और लोककला का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहाँ दीपदान, गंगा आरती और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने महोत्सव को सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने वाला बताया और सिंहासन बत्तीसी गैलरी का अवलोकन किया।

चुनार के नयनागढ़ महोत्सव में संस्कृति और लोककला का अद्भुत संगम।

चुनार के नयनागढ़ महोत्सव में संस्कृति और लोककला का अद्भुत संगम।

HighLights

  1. नयनागढ़ महोत्सव में संस्कृति, अध्यात्म और लोककला का अद्भुत संगम दिखा।

  2. जिलाधिकारी ने महोत्सव को सांस्कृतिक विरासत मजबूत करने वाला बताया।

  3. कथक, बिरहा और सूफी गायन ने देर रात तक समां बांधा।

जागरण संवाददाता चुनार (मीरजापुर)। सदानीरा गंगा के तट पर आयोजित नयनागढ़ महोत्सव में मंगलवार को संस्कृति, अध्यात्म और लोककला का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्तिक मास की आध्यात्मिक आभा के बीच सजे दीपों से गंगा तट जगमगा उठा तो दूसरी ओर गीत-संगीत, कथक, बिरहा और सूफी गायन ने महोत्सव में लोक संस्कृति के रंग भर दिए।

देर रात तक चले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कलाकारों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्य अतिथि डीएम पवन कुमार गंगवार ने सिंहासन बत्तीसी गैलरी का अवलोकन किया। इसके बाद हवन-पूजन और गंगा आरती के दर्शन के साथ दीप प्रज्वलन किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि नयनागढ़ महोत्सव जैसे आयोजन किसी भी नगर क्षेत्र के सांस्कृतिक, धार्मिक और सामाजिक ताने-बाने को मजबूत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्तिक मास में दीपदान का विशेष आध्यात्मिक महत्व है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी परंपरा, संस्कृति और विरासत से जोड़ने का काम करते हैं।

उन्होंने कहा कि महाराजा विक्रमादित्य के सिंहासन बत्तीसी को केवल देखने की वस्तु के रूप में नहीं, बल्कि उसके माध्यम से अपने जीवन में न्यायप्रियता और नैतिकता अपनाने की प्रेरणा लेनी चाहिए। डीएम ने राजेश पटेल द्वारा लिखित पुस्तक आठवां द्वार का विमोचन भी किया। एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर चुनार एसडीएम अनेग सिंह, महोत्सव समिति के संरक्षक मेजर कृपाशंकर सिंह, अध्यक्ष दिनेश सिंह पटेल, सचिव अफसर अली, श्यामधर चतुर्वेदी, सुरेंद्र सिंह पटेल, अखिलेश सिंह, आदि थे।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समा
महोत्सव में लोक संस्कृति की जीवंत झलक राजेश यादव और सुमन पाल के बीच हुए बिरहा मुकाबले में देखने को मिली। सांस्कृतिक संध्या में नगर की युवा कथक नृत्यांगना वैशाली ने शानदार कथक प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। इसके बाद वाराणसी और मीरजापुर से आए कलाकारों ने मंच संभाला। अर्चना तिवारी के गायन, वीर सिंह के सूफी गायन और पंकज श्रीवास्तव के गीत-संगीत ने देर रात तक महोत्सव में समां बांधे रखा। कभी लोक सुरों की मिठास तो कभी सूफियाना अंदाज और गीत-संगीत की प्रस्तुतियों से गंगा तट पर मौजूद श्रोता देर रात तक कार्यक्रम का आनंद लेते रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।