मौनी अमावस्या पर स्नान-ध्यान और किया दान
मौनी अमावस्या के पावन पर्व पर शुक्रवार को विध्याचल धाम में दर्शनार्थियों की भीड़ उमड़ी। साथ ही अष्टभुजा मंदिर काली खोह मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही। इसके साथ ही गंगा किनारे घाटों पर सुबह से ही स्नान करने वालों की भीड़ उमड़ती रही। विध्याचल से लेकर नगर क्षेत्र बरिया घाट कचहरी घाट तक स्नान करने वालों की भीड़ उमड़ी। लोगों ने दान दक्षिणा देकर पुण्य कमाया।
जागरण संवाददाता, मीरजापुर : मौनी अमावस्या के पावन पर्व पर शुक्रवार को विध्याचल धाम में दर्शनार्थियों की भीड़ उमड़ी। साथ ही अष्टभुजा मंदिर, काली खोह मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही। इसके साथ ही गंगा किनारे घाटों पर सुबह से ही स्नान करने वालों की भीड़ उमड़ती रही। विध्याचल से लेकर नगर क्षेत्र बरिया घाट, कचहरी घाट तक स्नान करने वालों की भीड़ उमड़ी। लोगों ने दान दक्षिणा देकर पुण्य कमाया।
मां विध्यवासिनी धाम में सुबह करीब पांच बजे से ही श्रद्धालुओं की लाइन लगनी शुरू हो गई। मौनी अमावस्या पर यज्ञोपवती, मुंडन कराने वालों की भी अच्छी खासी संख्या देखी गई। जिला प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस फोर्स की तैनाती की थी और लोगों को लाइन से दर्शन कराया गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि मौनी अमावस्या के दिन प्रयागराज से वापस आने वाले दर्शनार्थियों की संख्या ज्यादा रही। प्रयागराज से स्नान कर आने वाले श्रद्धालुओं की वजह से ही दोपहर बाद संख्या बढ़ी और देर रात तक लोगों ने मां के दर्शन किए। साथ ही नगर के बरिया घाट, पक्का घाट, ओलियर घाट, कचहरी घाट, बरैनी व भटौली घाट, नेवढि़या घाट पर गंगा स्नान करने वालों की अच्छी खासी संख्या पहुंची। इन स्थानों पर दुकानें भी लगाई गई और भिक्षाटन करने वाले भी पहुंचे जिन्हें स्नान कर लौट रहे लोगों ने दान स्वरुप द्रव्य व अन्न दिया।
पश्चिम वाहिनी गंगा में स्नान
श्रीनिवास धाम : क्षेत्र के हरगढ़ स्थित पश्चिम वाहिनी गंगा घाट सहित मिश्रपुर, गोगांव, चडैचा, असवा के घाटों पर लोग गंगा स्नान करके पास में स्थित मंदिरों पर जलाभिषेक करने पहुंचे। कुछ लोग स्नान करने के बाद अन्न दान किया। साथ ही पुराहितों को भी दक्षिणा देकर आशीर्वाद प्राप्त किया। दिन भर गंगा घाटों पर चहल-पहल रही।