अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को प्रथम अर्घ्य निवेदित कर मांगी सुख-समृद्धि, छठी मइया के जयकारों से गूंजे घाट
चुनार (मीरजापुर) में छठ महापर्व की संध्या पर श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को प्रथम अर्घ्य अर्पित किया। गंगा घाटों ...और पढ़ें

चुनार के गंगा घाटों पर छठ पूजा का उल्लास, श्रद्धालुओं ने दिया प्रथम अर्घ्य।
HighLights
अस्ताचलगामी सूर्य को प्रथम अर्घ्य देकर मांगी सुख-समृद्धि।
गंगा घाटों पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, गूंजे छठ गीत।
सुरक्षा और स्वच्छता के लिए प्रशासन, पालिका ने किए इंतजाम।
जागरण संवाददाता, चुनार (मीरजापुर)। धरती के कण-कण को अपनी दिव्य आभा, प्रकाश और जीवनदायिनी ऊर्जा से आलोकित करने वाले भगवान भास्कर की आराधना के महापर्व छठ की संध्या पर रविवार को लोक आस्था अपने चरम पर दिखाई दी। दिनकर की स्वर्णिम आभा पश्चिमी क्षितिज पर ओझल होने से पूर्व गंगा घाट, छठी मइया के मंगलगीतों से गूंजने लगे।
हाथों में पूजन सामग्री से सजे बांस के सूप लिए गंगा जल में खड़ी व्रती महिलाओं की अटूट आस्था के साथ चरम पर दिखी। गंगा के बालूघाट, बहरामगंज, शिवाला घाट, रामसरोवर पोखरा समेत क्षेत्र के विभिन्न जलाशयों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। व्रतियों ने भगवान भास्कर को प्रथम अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और मंगलमय जीवन की कामना की।
दिन ढलने के साथ ही नगर की गलियों से घाटों की ओर बढ़ते व्रतियों के जत्थे और ढोल-नगाड़ों की थाप पर गूंजते छठ गीत वातावरण को भक्तिमय बनाते रहे। सोलह शृंगार से सजी महिलाओं ने गंगा की धारा में खड़े होकर विधि-विधान से सूर्यदेव की आराधना की।
कांच ही बांस के बहंगिया... और श्छठी मईया के ऊंची रे अररिया... जैसे पारंपरिक गीतों की स्वर लहरियां गंगा की तरंगों के साथ वातावरण में घुलती रहीं। गन्ना, नारियल, केला, नींबू, ठेकुआ, चना और अन्य पूजन सामग्री से सजे सूप तथा टोकरी के साथ व्रतियों ने घाटों पर बनाई गई वेदियों पर छठी मइया की पूजा-अर्चना की और पूरी निष्ठा से पहला अर्घ्य निवेदित किया। गंगा की लहरों, प्रार्थनाओं और सामूहिक जयघोषों के बीच प्रकृति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला।
महिलाएं समूह में पारंपरिक मंगलगीत गाती रहीं और स्वजन व्रतियों की सेवा में जुटे रहे। देर रात तक नगर की गलियों में श्रद्धालुओं की भीड़ और वाहनों की कतारें बनी रहीं।
सुरक्षा में मुस्तैद रहा प्रशासन, नाव से होती रही निगरानी
एसडीएम अनेग सिंह समेत सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर एएसपी ऑपरेशन राजकुमार मीणा के निर्देशन में सीओ गायत्री यादव और कोतवाल अजय सेठ पुलिस व पीएसी बल के साथ घाटों पर मुस्तैद रहे। गंगा में नाव के माध्यम से गोताखोरों के साथ लगातार निगरानी की जाती रही। चेयरमैन मंसूर अहमद, ईओ विजय कुमार यादव, एसआई लालमणि यादव, सभासद किशन मोदनवाल, गौतम जायसवाल, विकास कश्यप, लव श्रीवास्तव और करतार सिंह सहित अन्य लोग व्यवस्थाओं में जुटे रहे।
जगमगाहट और साफ-सफाई ने मोहा मन
नगर पालिका परिषद की ओर से बालूघाट पर की गई आकर्षक सजावट छठ पर्व के उल्लास को और बढ़ा रही थी। साफ-सुथरे घाट परिसर को विद्युत झालरों से सजाया गया था, जिससे पूरा क्षेत्र दीपोत्सव की तरह जगमगा उठा। बेहतर पथ प्रकाश व्यवस्था के साथ श्रद्धालुओं के वस्त्र परिवर्तन के लिए अस्थायी टेंट और खोया-पाया शिविर बनाए गए थे। सफाईकर्मी लगातार घाटों की सफाई में जुटे रहे। नगर पालिका की सक्रियता और सुव्यवस्थित इंतजामों की श्रद्धालुओं ने सराहना की।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।