चुनार में 25 साल के तप ने घाट को बना दिया आस्था, संस्कृति और साहित्य का धाम
चुनार के बालूघाट को पप्पू बाबाजी ने 25 साल के अथक प्रयास से आस्था, साहित्य और संस्कृति के धाम में ...और पढ़ें

पप्पू बाबाजी के पच्चीस साल के तप से चुनार का घाट बना आस्था और साहित्य का केंद्र।
HighLights
पप्पू बाबाजी ने 25 साल में घाट को संवारा।
अपनी कमाई के 10 लाख रुपये घाट पर खर्च किए।
अब घाट पर गंगा आरती और सांस्कृतिक आयोजन होते हैं।
जागरण संवाददाता, चुनार (मीरजापुर)। मैं अकेला ही चला था जानिब-ए-मंजिल मगर, लोग साथ आते गए और कारवां बनता गया.. शायर मजरूह सुल्तानपुरी की ये पंक्तियां चुनार के बालूघाट स्थित साहित्य संत धाम की कहानी बयां करती हैं। करीब 25 वर्ष पहले गंगा किनारे उपेक्षित और गंदगी से पटे घाट को संवारने का संकल्प लेकर कुशवाहा दीप मौर्य उर्फ पप्पू बाबाजी ने जो पहल शुरू की थी, वह आज आस्था, साहित्य और संस्कृति के साझा मंच के रूप में पहचान बना चुकी है।
कभी जिस घाट पर लोग जाने से कतराते थे, वहां अब गंगा आरती, दीपदान और साहित्यिक-सांस्कृतिक आयोजन होते हैं। पर्यटक भी यहां पहुंचकर गंगा दर्शन और आचमन करते हैं। प्रख्यात कवि मास्टर चुनारी लाल के पुत्र और मौजी जियरा एसोसिएशन के सचिव पप्पू बाबाजी पेशे से ट्रक चालक रहे हैं। करीब 40 वर्ष की उम्र में उन्होंने घाट को संवारने का बीड़ा उठाया।
गंगातट पर स्थित प्राचीन पीपल के पेड़ को पक्का चबूतरा बनाकर संरक्षित करने से इसकी शुरुआत हुई। चुनार में जन्मे साहित्यकार पांडेय बेचन शर्मा उग्र की पुस्तक ‘तुमसे परिचय’ में घाट की परिकल्पना और पिता मास्टर चुनारी लाल उर्फ चित्रकूट लाल के विचार उनके लिए प्रेरणास्रोत बने। हरिद्वार और ऋषिकेश सहित विभिन्न शहरों के घाटों को देखने के बाद उनके मन में चुनार में भी ऐसा स्थल विकसित करने की इच्छा प्रबल हुई।
शुरुआत में पेट्रोल पंप व्यवसायी रामेश्वर दास अग्रवाल ने 20 हजार और दवा व्यवसायी वीरेंद्र वर्मा उर्फ बीरनजी ने तीन हजार रुपये की मदद की। बाद में लोगों ने आर्थिक सहयोग, निर्माण सामग्री और श्रमदान से इस मुहिम को आगे बढ़ाया। उपहास और चुनौतियों के बीच पप्पू बाबाजी अपनी कमाई के करीब 10 लाख रुपये घाट के निर्माण और विकास पर खर्च कर चुके हैं।
2014 में साहित्यिक विभूतियों को समर्पित हुआ घाट
24 दिसंबर 2014 को तत्कालीन उपजिलाधिकारी डा. विश्राम ने पांडेय बेचन शर्मा उग्र, मास्टर चुनारी लाल, शायर अब्दुल हक और कवि रामप्रसाद नीलम को समर्पित घाट का लोकार्पण किया। तत्कालीन सपा सरकार में विधायक जगतंबा सिंह पटेल ने घाट और सीढ़ियों का निर्माण कराया, जबकि वर्तमान विधायक अनुराग सिंह ने बाद में सीढ़ियों का निर्माण करवाया। वर्ष 2024 में दो समाजसेवियों के सहयोग से सीढ़ियों के पास मंच बना। एक अप्रैल 2025 को अपर आयुक्त डा. विश्राम ने जनसहयोग से निर्मित गंगा दर्शन मंच और सेल्फी प्वाइंट का उद्घाटन किया।
देव दीपावली और साहित्यिक आयोजनों का केंद्र
वर्ष 2018 में चुनार क्लब नाम से फेसबुक पेज संचालित करने वाले युवाओं ने कार्तिक पूर्णिमा पर देव दीपावली के अवसर पर दीपदान की शुरुआत की। नगरवासियों की सहभागिता से यह आयोजन आज नगर की धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान बन चुका है। नयनागढ़ महोत्सव समिति, चुनार साहित्य परिषद सहित विभिन्न संस्थाओं के कवि सम्मेलन और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी यहां आयोजित होते हैं। दो वर्ष पहले ट्रक चलाना छोड़ चुके 65 वर्षीय पप्पू बाबाजी आज भी घाट की सफाई, देखरेख और व्यवस्थाओं में जुटे रहते हैं। पत्नी और बेटों का भी उन्हें पूरा सहयोग मिलता है।
इस घाट पर वर्ष 2025 की बसंत पंचमी पर हुई गंगा आरती की शुरूआत
चुनार क्लब के क्लब के संयोजन में साहित्य संत धाम घाट पर काशी की तर्ज पर होने वाली गंगा आरती शुरू की गई। युवाओं की पहल पर चुनार के सायंकालीन धार्मिक गतिविधि का हिस्सा बन चुकी ये गंगा आरती भी पूर्णतः जनसहयोग से होती है।
क्या कहते हैं युवा
मौजी जियरा एसोसिएशन के सचिव कुशवाहा दीप मौर्य द्वारा चुनार के साहित्य संत धाम को संवारना एक भागीरथ प्रयास है। जिससे आज नगर को एक सुंदर स्थान मिला है। - सर्वेश सिंह, संयोजक चुनार क्लब
चुनार को समर्पित एक शानदार घाट देकर पप्पू बाबाजी ने अपने हिस्से का काम कर दिया है, अव आवश्यकता है कि सरकार चुनार की सांस्कृतिक आवश्यकताओं को देखते हुए इस घाट को पक्का बनवाए और इसका सुंदरीकरण करवाए। -वीर सिंह पटेल, चुनार क्लब।
साहित्य संत धाम घाट आज सांस्कृतिक और धार्मिक गतिविधियों का केंद्र बन चुका है। यहां होने वाली गंगा आरती को और वृहद स्वरूप देने के लिए सरकार की पहल हो तो और अच्छा होगा।- देशदीपक, चुनार क्लब।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।