मीरजापुर में शेर के साथ जंग में मौत के बाद लगता है भूतों और प्रेतों का मेला, चीख-चीत्कार से बयां होती है दहशत
मीरजापुर के अहरौरा में बेचू वीर का तीन दिवसीय मेला लोक आस्था का केंद्र है, जहाँ भूत-प्रेत बाधा से मुक्ति और संतान प्राप्ति की कामना लेकर श्रद्धालु आते हैं। यह मेला बेचू यादव की शेर से लड़ाई में मृत्यु के बाद उनकी स्मृति में लगता है, जिसमें दूर-दराज से लोग शामिल होते हैं।
HighLights
बेचू वीर मेला भूत-प्रेत बाधा और संतान प्राप्ति के लिए प्रसिद्ध।
यह मेला मीरजापुर के अहरौरा में तीन दिनों तक चलता है।
बेचू यादव की शेर से जंग में मौत के बाद शुरू हुई परंपरा।
जागरण संवाददाता, मीरजापुर। आस्था जब किसी परंपरा से जुड़ जाए तो सोचना पड़ता है कि आखिर इसकी बुनियाद कहां पड़ी। कुछ ऐसी ही कहानी मीरजापुर के अहरौरा क्षेत्र में बेचू वीर के भूतों प्रेतों के मेले की है। यह केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि लोक आस्था और विश्वास का ऐसा केंद्र है, जहां भूत-प्रेत बाधा से मुक्ति और संतान प्राप्ति की कामना लेकर श्रद्धालु पहुंचते हैं।
इसी मान्यता के चलते मेले को आम बोलचाल में भूत-प्रेतों का मेला भी कहा जाता है। ओझा तांत्रिकों का जमावड़ा ही नहीं बल्कि ज्योतिष कर्मकांडी लोगों के बीच चीखों चीत्कारों से गूंजते लोगों के स्वर दहशत का माहौल भी बना रहे हैं। 18 से 20 नवंबर तक होने वाला यह आयोजन शुक्रवार को समाप्त हो रहा है लेकिन इन तीन दिनों में भूत प्रेत बाधा की वैज्ञानिक दौर में भी मान्यता यहां पर बरकरार है।

अभुवाते और डरावनी आवाजें निकालते प्रेत बाधा से प्रभावित लोगों को देखना अपने आपमें डरावना अनुभव है। लेकिन लोग बताते हैं कि प्रेत बाधाओं की बाधाएं यहां आकर दम भी तोड़ती हैं। पढ़े लिखे और सभी चिकित्सा से हारे लोगों का यह पड़ाव परा शक्तियों की कहानी भी कहता है और निराकरण की राह भी प्रशस्त करता है।
मान्यता है कि बेचू वीर के दरबार में दर्शन-पूजन करने से भूत-प्रेत बाधा से ग्रसित लोगों को मुक्ति मिलती है और निसंतान दंपती की मनोकामना भी पूरी होती है। मेले का इतिहास करीब साढ़े तीन दशक पुराना बताया जाता है। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, बेचू यादव नाम के सिद्ध पुरुष इसी स्थान पर रहते थे। एक दिन शेर से युद्ध के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। इसके बाद से ही उनकी स्मृति और आस्था से जुड़ा यह स्थान श्रद्धालुओं के लिए विशेष महत्व रखने लगा। समय के साथ यहां लगने वाले मेले का स्वरूप भी व्यापक होता गया।
बेचू वीर के प्रति लोगों की आस्था केवल मीरजापुर तक सीमित नहीं है। मेले में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के साथ बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों से श्रद्धालु पहुंचते हैं। कोई परिवार में सुख-समृद्धि की कामना लेकर आता है तो कोई संतान प्राप्ति की मन्नत मांगता है। वहीं, बड़ी संख्या में लोग कथित भूत-प्रेत बाधा से मुक्ति की उम्मीद में दरबार में हाजिरी लगाते हैं। यही विविध मान्यताएं और दूर-दराज से उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ बेचू वीर मेले को विशिष्ट पहचान देती हैं।
किसी की गोद में नौनिहाल खिलाने की आस, किसी की वर्षों पुरानी मुराद और किसी के मन मे भूत प्रेत बाधा से मुक्ति के बाद बाबा के दरबार में शीश नवाने का भाव... अहरौरा के बरही स्थित बेचूवीर बाबा के दरबार में लगने वाला मेला आस्था की ऐसी कहानियों से जुड़ा है, जिसे स्थानीय लोग भूतों का मेला भी कहते हैं। यहां संतान की चाह लेकर आने वाले दंपती तीन दिनों तक कठिन पूजा-अर्चना करते हैं। ठंड के मौसम में खुले आसमान के नीचे रात गुजारकर बाबा की आराधना करते हैं।
मेले में ऐसे श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है, जिनके मन में संतान प्राप्ति की कामना होती है। कई दंपती वर्षों तक संतान के इंतजार में रहने के बाद बाबा के दरबार में मत्था टेकने पहुंचते हैं। लोक आस्था के अनुसार, बाबा के प्रति श्रद्धा और कठिन साधना से मनोकामना पूरी होती है। संतान प्राप्ति के बाद भी कई दंपती बाबा के दरबार में दोबारा पहुंचकर आभार व्यक्त करते हैं और अपनी श्रद्धा प्रकट करते हैं।

वर्षों की प्रतीक्षा के बाद फिर बाबा के दरबार में
मेले में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की कहानियां केवल पूजा तक सीमित नहीं हैं। कुछ दंपती अपने जीवन के लंबे इंतजार, निराशा और उम्मीदों को लेकर बाबा के दरबार तक पहुंचते हैं। संतान प्राप्ति के बाद यहां दोबारा पहुंचना उनके लिए भावुक क्षण होता है। जिस दरबार में कभी उन्होंने सूनी गोद भरने की प्रार्थना की थी, उसी दरबार में बच्चे को लेकर पहुंचना उनके लिए आस्था से जुड़ा विशेष अनुभव बन जाता है।
तीन दिनों तक चलने वाले मेले में श्रद्धालु तमाम कठिनाइयों के बीच खुले आसमान के नीचे रात गुजारते हैं। ठंड, थकान और असुविधा के बावजूद पूजा-अर्चना जारी रहती है। संतान प्राप्ति की कामना को लेकर आने वाले भक्तों के लिए यह साधना उनके विश्वास और परंपरा का हिस्सा है।
पुजारी बोले, परंपरा और श्रद्धा से जुड़ा है मेला
बेचूवीर बाबा के पुजारी के अनुसार, मेले में दूर-दराज से श्रद्धालु संतान प्राप्ति की कामना लेकर पहुंचते हैं। यहां तीन दिनों तक पूजा-अर्चना की परंपरा निभाई जाती है। मनोकामना पूरी होने के बाद भी कई श्रद्धालु बाबा के दरबार में पहुंचकर अपनी श्रद्धा प्रकट करते हैं। यही परंपरा पीढ़ियों से लोगों को मेले से जोड़ रही है। बेचूवीर का मेला क्षेत्र की लोक आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां जुटने वाली भीड़, कठिन पूजा पद्धति और श्रद्धालुओं की मनोकामनाओं से जुड़ी कहानियां मेले को अलग पहचान देती हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।