बैंक कर्मियों की लापरवाही से विकास कार्य प्रभावित
छानबे विकास खंड अंतर्गत इलाहाबाद बैंक विजयपुर बिहसड़ा और हरगढ़ शाखा में राज्य वित्त 14 वां वित्त का धन न आने के कारण विकास कार्य प्रभावित हो रहा है। अखिल भारतीय प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष अखिलेश सिंह के आवास पर प्रधानों की बैठक मंगलवार को आहूत की गई।
जासं, गैपुरा (मीरजापुर) : छानबे विकास खंड अंतर्गत इलाहाबाद बैंक विजयपुर, बिहसड़ा और हरगढ़ शाखा में राज्य वित्त 14 वां वित्त का धन न आने के कारण विकास कार्य प्रभावित हो रहा है। अखिल भारतीय प्रधान संघ जिलाध्यक्ष अखिलेश सिंह के आवास पर प्रधानों की बैठक मंगलवार को हुई। इसमें बताया कि बैंक कर्मचारियों की लापरवाही के कारण खाते में धन न आने से विकास कार्य प्रभावित हो रहा है। प्रधानों के समक्ष वित्तीय संकट होने के कारण श्रमिकों की पारिश्रमिक का भुगतान नहीं हो पा रही है। अध्यक्ष अखिलेश सिंह ने डिप्टी डायरेक्टर पंचायत एके शाही से बात कर समस्या से अवगत कराया। एक दो दिनों में समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। अध्यक्ष ने चेतावनी दी, कहा कि अगर अविलंब समस्या का समाधान नहीं किया तो संगठन धरना प्रदर्शन करने को बाध्य होगी। गोवर्धन सिंह, सुरेश दुबे, मोहन, रिकू पांडेय, साहब लाल आदि रहे।