महिला सदस्यों की कम उपस्थिति पर नाराजगी
कोन विकास खंड सभागार में क्षेत्र पंचायत की बैठक में क्षेत्र के विकास और विभिन्न समस्याओं पर चर्चा किया गया। खंड विकास अधिकारी श्वेतांक सिंह ने कहा कि क्षेत्र में चलने वाली योजनाओं को समूह के माध्यम से चलाने की बात चल रही है। जिससे भविष्य में लाभार्थियों को सक्षम बनाया जा सके। मनरेगा के परिवार को भी समूह गठन से जोड़ा जाएगा जिससे वे लोग व्यवसाय से जुड़कर भविष्य में आत्म निर्भर हो सके।
जासं, चील्ह (मीरजापुर) : कोन विकास खंड कार्यालय परिसर पर क्षेत्र पंचायत की बैठक संपन्न हुई। इसमें क्षेत्र के विकास और विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। खंड विकास अधिकारी श्वेतांक सिंह ने कहा कि क्षेत्र में चलने वाली योजनाओं को जल्द ही समूह के माध्यम से चलाया जाएगा जिससे लाभार्थियों को सक्षम बनाया जा सके। मनरेगा परिवार को भी समूह गठन से जोड़ा जाएगा जिससे वे लोग व्यवसाय से जुड़कर आत्मनिर्भर बन सके।
इसके बाद खंड विकास अधिकारी ने शौचालयों की स्थिति के बारे में जानकारी ली। कहा कि शौचालय के लिए मिलने वाली धनराशि प्रोत्साहन राशि है जिससे अधिक से अधिक लोग शौचालय निर्माण कर सकें। जिला पंचायत सदस्य अमरेश चंद्र यादव ने कहा कि क्षेत्र पंचायत की बैठक में महिला क्षेत्र पंचायत सदस्य और महिला प्रधान की उपस्थिति कम रहती है। जबकि क्षेत्र पंचायत और ग्राम पंचायत की तमाम योजनाएं महिला से संबंधित रहती है। इस पर बीडीओ ने नाराजगी जताई। बैठक में कृषि समूह गठन, आंगनबाड़ी, पेंशन आदि से संबंधित तमाम सवाल उठाए गए। इस दौरान प्रमुख ज्योति त्रिपाठी, बाल विकास परियोजना अधिकारी ओमप्रकाश यादव, एडीओ आइएसबी अमरेश चंद्र उपाध्याय, एडीओ एजी अशोक कुमार श्रीवास्तव, जेईआरईएस अवधेश राम, एडीओ समाज कल्याण गुलाबचंद, वरिष्ठ लेखाकार शिवकुमार पांडेय उपस्थित रहे।