मीरजापुर में किसान पंचायत में विंध्य एक्सप्रेस-वे निरस्त करने और गंगा कटान पर स्थायी रोक की मांग
चुनार, मीरजापुर में भारतीय किसान यूनियन ने किसान पंचायत आयोजित की, जिसमें किसानों की 12 सूत्रीय मांगों पर चर्चा हुई। मुख्य मांगों में विंध्य एक्सप्रेस-वे निरस्त करना, गंगा कटान पर स्थायी रोक और फसलों के मुआवजे की मांग शामिल थी।

मीरजापुर किसान पंचायत में विंध्य एक्सप्रेस-वे रद्द करने और गंगा कटान रोकने की जोरदार मांग।
HighLights
चुनार में भारतीय किसान यूनियन ने किसान पंचायत का आयोजन किया।
विंध्य एक्सप्रेस-वे परियोजना निरस्त करने की प्रमुख मांग उठाई गई।
गंगा कटान से प्रभावित गांवों में स्थायी कटानरोधी कार्य की मांग।
जागरण संवाददाता, चुनार (मीरजापुर)। भारतीय किसान यूनियन के तत्वावधान में बुधवार को चुनार तहसील में किसान पंचायत आयोजित की गई। पूर्व प्रधानाचार्य घ्रुव बिंदु सिंह की अध्यक्षता में हुई पंचायत में किसानों की समस्याओं और जनहित से जुड़ी 12 सूत्रीय मांगों पर चर्चा की गई। इसके बाद जिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी अनेग सिंह को सौंपा गया।
ज्ञापन में जनपद में प्रस्तावित विंध्य एक्सप्रेस-वे परियोजना को निरस्त करने की मांग प्रमुख रही। इसके साथ गंगा कटान से प्रभावित शिवपुर, गांगपुर, चितरहा, जलालपुर और बगही सहित अन्य गांवों में स्थायी कटानरोधी कार्य कराने तथा अर्नव व किसान पंचायत में एसडीएम के साथ उपस्थित तहसीलदार इवेंद्र सिंह, नायब तहसीलदार अविनाश सिंह, सिंचाई विभाग के एई ऋतुराज पांडेय के साथ चर्चा में किसानों ने अकवान तूफान से प्रभावित किसानों की फसलों का सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की गई।
किसानों ने धान खरीद की सीमा 12 से बढ़ाकर 16 कुंतल प्रति बीघा करने, सहकारी समितियों पर डीएपी व यूरिया की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा सभी नहरों की हेड से टेल तक सफाई कराने की मांग उठाई। इसके अलावा अहरौरा में एसएच-5ए पर बनस्थली महाविद्यालय के पास अस्थायी टोल प्लाजा हटाने, एनएच-7 पर बरईपुर गेट के सामने कट बनवाने और अहरौरा बांध की लीकेज बंद कराने की मांग की गई।
जीवनाथपुर-कैलहट रेलवे कॉरिडोर से प्रभावित किसानों की क्षतिग्रस्त सड़कों, घाट, जलनिकासी, साइफन, मुआवजा और पुनर्वास संबंधी लंबित समस्याओं के समाधान की भी मांग की गई। कृषि रक्षा इकाइयों पर खरपतवारनाशक व कीटनाशक उपलब्ध कराने तथा जबरन प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
किसानों ने समस्याओं का समयबद्ध समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष सिद्धनाथ सिंह, प्रदेश महासचिव प्रहलाद सिंह, जिलाध्यक्ष कंचन सिंह फौजी, वीरेंद्र सिंह, स्वामी दयाल सिंह, मुकुटधारी सिंह, अवधेश नारायण सिंह, परशुराम मौर्या, प्रमोद गुप्ता आदि उपस्थित रहे। संचालन प्रदीप सिंह पटेल ने किया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।