महानगरी एक्सप्रेस ट्रेन में मिला यात्री का शव
मुंबई से घर लौट रहे एक यात्री की शुक्रवार की रात महानगरी एक्सप्रेस में अबूझ हाल में मौत हो गई। मामले की जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जागरण संवाददाता, मीरजापुर : मुंबई से घर लौट रहे एक यात्री की शुक्रवार की रात महानगरी एक्सप्रेस ट्रेन में अबूझहाल में मौत हो गई। मामले की जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी तो परिवार में कोहराम मच गया।
चील्ह थाना क्षेत्र के कमासिन गांव निवासी रामबली यादव (31) पुत्र विजय कुछ महीने पहले मुंबई कमाने के लिए गए थे। वहां एक कंपनी में कार्य कर रहे थे। इसी दौरान उनकी तबीयत खराब हो गई तो वह शुक्रवार को महानगरी से घर के लिए रवाना हुए। इसी बीच रास्ते में उनकी अबूझ हाल में मौत हो गई। रेलवे कंट्रोल रूम द्वारा घटना की जानकारी होने पर पहुंची जीआरपी व आरपीएफ के एसआइ नरेश कुमार ने शव को ट्रेन से शव को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने बताया कि तबीयत कुछ खराब चल रही थी लेकिन इतनी खराब नहीं थी कि उसकी मौत हो जाए। यह कैसे हुआ यह किसी को पता नहीं है।