ईद के लिए बाजारों में उमड़ी खरीदारों की भीड़
जासं, मीरजापुर: नगर के बाजारों में गुरुवार को ईद के खरीदारों की भीड़ उमड़ पड़ी। कपड़ों, जूते- चप्पल औ
जासं, मीरजापुर: नगर के बाजारों में गुरुवार को ईद के खरीदारों की भीड़ उमड़ पड़ी। कपड़ों, जूते- चप्पल और सेवईयों की दुकानों पर तिल रखने की जगह नहीं मिली। बाजार में चहल- पहल रही। देर रात तक लोग खरीदारी करते रहे।
ईद की खरीदारी इस समय चरम पर है। हालांकि ईद की संभावित तिथि 16 जून ही है लेकिन लोग इस शंका में कहीं रात में ही न ऐलान हो जाए कि चांद हो गया है और 15 को ही ईद हो जाए तो वह अपनी तैयारी पूरी रखना चाहते हैं। इसलिए अधिकांश मुस्लिम परिवार अपनी खरीदारी को समय में ही पूरी कर लेना चाहते हैं ताकि ऐन समय पर यह न हो कि कुछ कमी रह गई।
शेरवानी व चुन्नी सूट की बढ़ी मांग
बाजार में इस समय पुरुष शेरवानी और सलवार तथा महिलाएं फ्राक स्टाइल के चुन्नी सूट को पसंद कर रही हैं। सुनहले, रूपहले बूटों वाले कपड़े खास तौर पर पसंद किए जा रहे हैं। महिलाओं में इस समय सफेद चमकीले कपड़े पर जरीदार बार्डर वाली पोशाक का क्रेज है। इसी प्रकार सफेद चमकीले पट्टों वाली जूती और सैंडिल भी खूब पसंद किए जा रहे हैं। हर गली व चौराहों पर जूते- चप्पलों की दुकानें सज गई है।
मेवे व खोवे की बढ़ी मांग
ईद के चलते मेवे व खोवे की मांग बढ़ गई है। मुकेरी बाजार स्थित खोवा मंडी में गुरुवार को खोवा ढाई सौ रुपये किलो तक बिका। मेवे में बदाम, पिस्ता व काजू की खींच है। मखाना और चिरौंजी भी है लेकिन अपेक्षाकृत कम लोग ले रहे हैं। ईद की सेवई पर ऊपर से बारीक कटा हुआ पिस्ता व बादाम के साथ काजू की जुगलबंदी है। मेहमान इसे खासा पसंद करते हैं। सेवईयों में कई प्रकार की वेराइटी है। सूखी व शीरे वाली सेवईयों के लिए बारीक सेवई व दूध वाली सेवई के लिए मोटी सेवईयां पसंद की जा रही हैं। अब तो दूध वाली सेवई ईद पर चलन से बाहर हो रही हैं। सूखी व रसीली सेवईयों की ही बहार है। साथ में छोला के लिए मटर व अन्य खाद्य पदार्थों की भी खरीद की गई। देर रात तक खरीदारी की गई।