मीरजापुर में कार्तिक पूर्णिमा पर चुनार के गंगा घाट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसमुद्र
मीरजापुर के चुनार बालूघाट पर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया। आधी रात से ही घाटों पर भीड़ उमड़ पड़ी, जहां लोगों ने पूजा-अर्चना और दान-पुण्य किया।

कार्तिक पूर्णिमा पर चुनार गंगा घाट पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब।
HighLights
चुनार के बालूघाट पर कार्तिक पूर्णिमा का विराट आयोजन।
दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाई।
सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, खोया-पाया शिविर भी लगा।
जागरण संवाददाता, चुनार (मीरजापुर)। कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को चुनार के बालूघाट पर आस्था का विराट दृश्य देखने को मिला। आधी रात से गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हुआ तो भोर होते-होते घाटों पर भीड़ उमड़ पड़ी। हर-हर गंगे के जयघोष के बीच दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने मां गंगा में डुबकी लगाई।
स्नान, पूजन और दान-पुण्य का सिलसिला दोपहर तक चलता रहा। गंगा तट पर दिन चढ़ने के साथ श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ पर्व की धार्मिक महत्ता और चुनार के घाटों के प्रति लोगों की आस्था का परिचायक बनी रही।
सोनभद्र, अहरौरा, राजगढ़ सीखड़ और आसपास के ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए पहुंचे। रात से ही घाटों की ओर आने वाले रास्तों पर लोगों की आवाजाही शुरू हो गई थी।
भोर में ठंड के बीच गंगा स्नान कर श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना के साथ दान किया। घाट पर स्थानीय पुजारियों की ओर से तैयार भीम की रेताकृतियों पर कुंवारी कन्याओं ने बैंगन और मूली चढ़ाकर परंपरागत पूजन किया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नगर पालिका और पुलिस प्रशासन सतर्क रहा।
घाटों पर बांस-बल्ली से बैरिकेडिंग कर खतरनाक स्थानों पर स्नान प्रतिबंधित किया गया। पुलिस और पीएसी के जवान तैनात रहे। एएसपी राजकुमार मीणा, एसडीएम अनेग सिंह, सीओ गायत्री यादव और प्रभारी निरीक्षक अजय सेठ ने घाटों पर पहुंचकर व्यवस्था का जायजा लिया।
गुहराज निषाद पार्क के पास नगर पालिका की ओर से खोया-पाया शिविर लगाया गया, जहां करीब 200 बच्चों को उनके स्वजन से मिलाया गया।चेयरमैन मंसूर अहमद, ईओ विजय कुमार यादव, एसआइ लालमणि यादव और ओएस शैलेश यादव की देखरेख में शिविर संचालित हुआ। घाटों की निगरानी नौका से भी की गई।