कार्तिक पूर्णिमा पर मां विंध्यवासिनी धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, आस्था का जनज्वार त्रिकोण पूरा करने पहुंचा
कार्तिक पूर्णिमा पर मीरजापुर के मां विंध्यवासिनी धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे व्यवस्थाएं चरमरा गईं। दर्शनार्थियों को घंटों लाइन में लगने के बाद भी दर्शन नहीं मिल पाए और फर्जी प्रोटोकॉल के नाम पर वीआईपी दर्शन की शिकायतें भी सामने आईं।

कार्तिक पूर्णिमा पर विंध्यवासिनी धाम में आस्था का सैलाब, व्यवस्थाएं ध्वस्त।
HighLights
कार्तिक पूर्णिमा पर विंध्यवासिनी धाम में उमड़ी भारी भीड़।
दर्शनार्थियों को घंटों इंतजार के बाद भी नहीं हुए दर्शन।
फर्जी प्रोटोकॉल और अव्यवस्था से श्रद्धालु हुए परेशान।
जागरण संवाददाता, मीरजापुर (विंध्याचल)। कार्तिक पूर्णिमा के पावन पर्व पर मंगलवार को मां विंध्यवासिनी धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भोर में चार से पांच बजे के बीच मंगला आरती के बाद मंदिर का फाटक खुलने से पहले ही दर्शनार्थियों की लंबी कतार लग गई थी।
बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से धाम में जबरदस्त भीड़ रही। भीड़ के दबाव में मंदिर की व्यवस्था अस्त-व्यस्त नजर आई और आम दर्शनार्थियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
श्रद्धालुओं का आरोप है कि फर्जी प्रोटोकॉल के नाम पर कुछ लोगों को पुलिसकर्मियों और कुछ पंडों की मिलीभगत से दर्शन कराया जा रहा है। इसके कारण घंटों लाइन में लगने के बाद भी आम श्रद्धालुओं को मां के दर्शन नहीं हो पा रहे हैं।
पटना निवासी अनिल झा, जौनपुर निवासी अच्छे लाल और जहानाबाद निवासी संजय शर्मा ने बताया कि वे घंटों लाइन में लगकर मां विंध्यवासिनी के दर्शन करने पहुंचे थे, लेकिन उन्हें दर्शन नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि मंदिर में जिस तरह की व्यवस्था देखने को मिल रही है, वैसी व्यवस्था अन्य धार्मिक स्थलों पर देखने को नहीं मिलती। श्रद्धालुओं ने व्यवस्था में सुधार की मांग की।
मंदिर में भीड़ के साथ ही नगर के प्रमुख मार्गों पर भी जाम की स्थिति बनी रही। अटल चौक से बंगाली तिराहा, बरतर तिराहा से स्टेट बैंक चौराहा और बरतर तिराहा तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही। जाम के कारण श्रद्धालुओं को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
उधर, मां विंध्यवासिनी धाम के साथ काली खोह और अष्टभुजा मंदिर में भी दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की जबरदस्त भीड़ रही। कार्तिक पूर्णिमा पर उमड़ी भीड़ के बीच सुचारु दर्शन और यातायात व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन के लिए चुनौती बना रहा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।