विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कार सवार बदमाशों ने सराफा कारोबारी से 3.35 करोड़ की लूट, अहरौरा पुलिस से मुठभेड़ में आरोप‍ित गिरफ्तार

By Anand KumarEdited By: Abhishek sharma
Published: Thu, 19 Feb 2026 11:29 AM (IST)

अहरौरा पुलिस ने छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सराफा कारोबारी से 3.35 करोड़ की लूट करने वाले चार अंतरराज्यीय बदमाशों को ...और पढ़ें

मीरजापुर में पुलिस मुठभेड़: 3.35 करोड़ के सराफा लूट के आरोपी गिरफ्तार।

मीरजापुर में पुलिस मुठभेड़: 3.35 करोड़ के सराफा लूट के आरोपी गिरफ्तार।

HighLights

  1. अहरौरा पुलिस ने चार अंतरराज्यीय लुटेरों को पकड़ा।

  2. बिलासपुर सराफा कारोबारी से 3.35 करोड़ की लूट।

  3. मुठभेड़ में दो बदमाशों के पैर में लगी गोली।

जागरण संवाददाता, अहरौरा (मीरजापुर)। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सराफा कारोबारी पर जानलेवा हमला कर करोड़ों की लूट करने वाले चारों अंतरराज्यीय बदमाशों को मीरजापुर जनपद की अहरौरा पुलिस ने बुधवार की रात सारादह जंगल के पास मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई कार, सोना और नकदी समेत सभी सामान बरामद कर लिया है।

पुलिस ने बदमाशों के पास से एक पिस्टल और तीन तमंचे भी बरामद किए हैं। इस मुठभेड़ में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है, जिनका मंडलीय अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के वसंत विहार स्थित महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक संतोष तिवारी की आई ट्वेंटी कार को वैन सवार बदमाशों ने पहले टक्कर मारकर रोका। इसके बाद विवाद करते हुए पिस्टल तान दी और हथौड़े से सिर पर वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस घटना के बाद बदमाश कारोबारी की कार सहित लगभग दो किलो 200 ग्राम सोना, 3 लाख 50 हजार रुपये नकद समेत कुल मिलाकर लगभग 3 करोड़ 35 लाख रुपये का माल लूटकर फरार हो गए थे।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने सीमाओं पर घेराबंदी शुरू कर दी थी। बुधवार की रात सोनभद्र बार्डर के पास पुलिस को लूट की सूचना मिली। अहरौरा पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों ने भागने की कोशिश की, जिसके परिणामस्वरूप मुठभेड़ हुई। पुलिस ने घेराबंदी कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

थानाध्यक्ष अजय मिश्रा ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों में दिल्ली के विजय लांबा और गौतम बुद्ध नगर के मोनू उर्फ राहुल के पैर में मुठभेड़ में गोली लगी है। वहीं, बरेली के करीम खान और राजस्थान के विनोद उर्फ बीनू को पकड़कर पूछताछ की जा रही है।