दिव्यांग दूल्हा देख दुल्हन का शादी से इन्कार, लौटी बरात
संतनगर चौकी अंतर्गत नेवढि़या गांव में मंगलवार को आई बरात में दूल्हे को दिव्यांग देख दुल्हन ने शादी करने से इंकार कर दिया। इंकार करते ही दूल्हा पक्ष के लोगों ने जेवर व कपड़े की मांग पर अड़ गए और पूरी रात किचकिच होती रही।
जागरण संवाददाता, पटेहरा (मीरजापुर) : संतनगर चौकी अंतर्गत नेवढि़या गांव में मंगलवार को आई बरात में दूल्हे को दिव्यांग देख दुल्हन ने शादी करने से इंकार कर दिया। इंकार करते ही दूल्हा पक्ष के लोग जेवर व कपड़े की मांग पर अड़ गए और पूरी रात किचकिच होती रही। ग्रामीणों की सूचना पर हंड्रेड डायल ने मौके पर पहुंचकर बीच बचाव कर लालगंज थाने जाने की सलाह दी लेकिन दूल्हा पक्ष के लोग बिना प्राथमिक दर्ज कराए ही बरात बुधवार को वापस लेकर चले गए।
संतनगर चौकी क्षेत्र के नेवढि़या गांव निवासी उमा शंकर कोल के बिटिया की शादी मड़िहान थानांतर्गत बसही निवासी राम रक्षा के पुत्र से तय थी। बिटिया पक्ष से मजे में तिलकोत्सव हुआ। बरात भी ढोल नगाड़े के साथ आई। द्वार पूजा, बरात का स्वागत भी हुआ। सभी घराती व बराती मिलकर शादी का भोजन भी चखे। आंगन में गाजे बाजे के साथ चढ़ावा भी गया, औरते मंगल गीत भी गाईं। जब आंगन में शादी के लिए दूल्हा आया व जूता उतारने के बाद उसका पैर देख दुल्हन की मां व दुल्हन की भौंह चढ़ गई। दुल्हन ने दिव्यांग देख शादी करने से साफ इंकार कर दिया। अंतत: दुल्हा पक्ष ने डायल 100 को फोन कर बुलाया। आंगन में दिए गए जेवरात व कपड़ा पाने हेतु अड़ गए किन्तु दुल्हन पक्ष भी अपना खर्च जोड़वा कर शादी से साफ मना करते हुए समान भी देने से मना कर दिया।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप