मीरजापुर में घर से लापता किशोर का 11 दिन बाद जंगल में पेड़ से फंदे पर लटकता मिला शव
मीरजापुर में पिता की डांट से नाराज होकर लापता हुए 17 वर्षीय किशोर लखन यादव का शव 11 दिन बाद जंगल में एक पेड़ से लटका मिला। लालगंज थाना क्षेत्र के डांगरकेरी जंगल में संदिग्ध परिस्थितियों में मिले शव की स्थिति काफी खराब हो चुकी थी।

मीरजापुर में लापता किशोर का 11 दिन बाद जंगल में पेड़ से लटकता मिला शव।
HighLights
17 वर्षीय किशोर 11 दिन से था लापता।
जंगल में पेड़ से लटका मिला संदिग्ध शव।
पिता की डांट के बाद घर से निकला था।
जागरण संवाददाता, मीरजापुर। पिता की डांट से नाराज होकर घर से निकले 17 वर्षीय किशोर का 11 दिन बाद सोमवार को जंगल में आंवले के पेड़ से संदिग्ध परिस्थितियों में शव लटकता मिला। लालगंज थाना क्षेत्र के जयकर खुर्द स्थित डांगरकेरी जंगल में शव मिलने से क्षेत्र में चर्चा होने लगी। शव की स्थिति काफी खराब हो चुकी थी।
जयकर खुर्द निवासी रामनाथ यादव उर्फ नत्थू का 17 वर्षीय पुत्र लखन यादव 11 नवंबर को घर से लापता हो गया था। पिता रामनाथ यादव की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार किशोर शाम करीब तीन बजे पिता की डांट से क्षुब्ध होकर घर से चला गया था। स्वजन और रिश्तेदारों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला।
इसके बाद 13 नवंबर को लालगंज थाने में गुमशुदगी की सूचना दी गई थी। सोमवार को जंगल में भेड़ चराने गए एक चरवाहे की नजर पेड़ से लटकते शव पर पड़ी। उसने ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। इसके बाद थानाध्यक्ष वेद प्रकाश पांडेय मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर छानबीन की। मृतक पांच भाई-बहनों में दूसरे नंबर का संतान था।