विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मीरजापुर के गैपुरा रेलवे ओवरब्रिज से टकराई बाइक, एक बराती 20 फीट नीचे गिरा, एक की मौत और एक घायल

By Prashant Kumar Yadav Edited By: Abhishek sharma
Published: Fri, 27 Nov 2026 11:38 AM (IST)

मीरजापुर के गैपुरा रेलवे ओवरब्रिज पर बुलेट अनियंत्रित होकर दीवार से टकराने से एक बराती अंशुल यादव 20 फीट नीचे गिर गए और उनकी मौत हो गई। इस हादसे में बाइक चालक रतन यादव भी घायल हुए, वहीं स्थानीय लोगों ने पुल पर सुरक्षा जाली लगाने की मांग की है।

मीरजापुर गैपुरा ओवरब्रिज पर बुलेट हादसे में बराती की मौत।

मीरजापुर गैपुरा ओवरब्रिज पर बुलेट हादसे में बराती की मौत।

HighLights

  1. गैपुरा रेलवे ओवरब्रिज पर बुलेट अनियंत्रित होकर दीवार से टकराई।

  2. बराती अंशुल यादव 20 फीट नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल, मौत।

  3. स्थानीय लोगों ने पुल पर सुरक्षा जाली लगाने की मांग की।

जागरण संवाददाता, मीरजापुर। विंध्याचल क्षेत्र के गैपुरा रेलवे ओवरब्रिज पर बुधवार रात बुलेट अनियंत्रित होकर दीवार से टकरा गई। हादसे में पीछे बैठे बराती अंशुल यादव करीब 20 फीट नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक चला रहे रतन यादव भी पुल पर ही गिर पड़े। उपचार के दौरान अंशुल की मौत हो गई, जबकि रतन को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

भदोही जिले के कोईरौना थाना क्षेत्र के चैनपट्टी भीखीपुर निवासी 28 वर्षीय अंशुल यादव और रतन यादव अपने गांव के अंकित की बरात में शामिल होने विंध्याचल क्षेत्र के खम्हरिया दमुआन गांव जा रहे थे। रात करीब दस बजे वे गैपुरा रेलवे ओवरब्रिज पर पहुंचे, तभी बुलेट दीवार से टकरा गई। टक्कर के झटके से पीछे बैठे अंशुल सिर के बल पुल से नीचे गिर गए।

हादसे की सूचना पर कलना गहरवार गांव के राजकुमार गौतम, श्रीराम बिंद और क्षेत्र पंचायत सदस्य राजू राम समेत कई लोग मौके पर पहुंचे। गैपुरा चौकी पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से अंशुल को बाहर निकाला और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सरोई पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कालेज के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

स्वजन के अनुसार, अंशुल मुंबई स्थित कोटक महिंद्रा बैंक में डिप्टी मैनेजर थे। वह पांच भाइयों और तीन बहनों में चौथे नंबर पर थे। उनका एक बेटा है। वह इन दिनों घर आए हुए थे और शादी में शामिल होने जा रहे थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि गैपुरा रेलवे ओवरब्रिज पर यह चौथी घटना है। ग्रामीणों ने पुल पर सुरक्षा के लिए लोहे की जाली लगाने की मांग की है, ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।