विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बाघ से संघर्ष की कहानी से जुड़ा है 350 वर्ष पुराने बेचूवीर मेला का इतिहास, 18 नवंबर से उमड़ेगा आस्था का सैलाब

Published: Sat, 14 Nov 2026 09:07 PM (IST)

अहरौरा (मीरजापुर) का 350 वर्ष पुराना बेचूवीर मेला 18 से 20 नवंबर तक आयोजित होगा, जो बेचू यादव की बाघ ...और पढ़ें

बाघ से संघर्ष की कहानी से जुड़ा है तीन सौ वर्ष पुराने बेचूवीर मेले का इतिहास।

बाघ से संघर्ष की कहानी से जुड़ा है तीन सौ वर्ष पुराने बेचूवीर मेले का इतिहास।

HighLights

  1. अहरौरा का 350 वर्ष पुराना बेचूवीर मेला 18 नवंबर से शुरू।

  2. बेचू यादव की बाघ से संघर्ष की लोककथा से जुड़ा है।

  3. हजारों श्रद्धालुओं के लिए बुनियादी सुविधाओं की चुनौती।

जागरण संवाददाता, अहरौरा (मीरजापुर)। जंगल की वीरान वादियों में बसी आस्था की एक ऐसी चौखट, जहां पहुंचने के लिए श्रद्धालु कई किलोमीटर का सफर तय करते हैं। मान्यता और लोककथा से जुड़ा अहरौरा क्षेत्र का प्रसिद्ध बेचूवीर मेला 18 से शुरू होकर 20 नवंबर तक चलेगा। लगभग साढ़े तीन सौ वर्ष पुरानी मान्यता वाले इस अंतरप्रांतीय मेले में उत्तर प्रदेश के अलावा दूसरे प्रांतों से भी हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

जंगल महाल के बरही परवा गांव में लगने वाले इस मेले को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। वहीं, श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन के सामने बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराने की चुनौती भी है।

नगर से करीब 15 किलोमीटर पश्चिम नक्सल प्रभावित क्षेत्र के जंगलों में स्थित बेचूवीर धाम का इतिहास एक साहसिक लोककथा से जुड़ा है। मान्यता है कि करीब साढ़े तीन सौ वर्ष पहले बेचू यादव नाम के शिवभक्त इसी क्षेत्र में रहते थे। वह जंगल में भैंस चराया करते थे। उस समय जंगल में हिंसक वन्यजीवों का खतरा बना रहता था। इसी दौरान एक दिन भैंस चराते समय बाघ ने उन पर हमला कर दिया।

बेचू यादव ने पूरी हिम्मत से बाघ का मुकाबला किया और उसे पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। दूसरे दिन भी बाघ ने हमला किया, लेकिन उनका बाल भी बांका नहीं कर सका। तीसरे दिन हुए हमले में बेचू यादव वीरगति को प्राप्त हो गए।

लोकमान्यता के अनुसार, उनके साथ मौजूद कुत्ते ने घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद बेचू यादव की पत्नी अपने बारह दिन के बच्चे को लेकर घटनास्थल पर पहुंचीं और सती हो गईं। तभी से उन्हें बरहिया माई के नाम से जाना जाने लगा। कालांतर में इस स्थान की मान्यता बढ़ती गई और यहां श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। धीरे-धीरे यह स्थल बेचूवीर मेले के रूप में प्रसिद्ध हो गया।

बेचू यादव के वंशज माने जाने वाले रोशन यादव के अनुसार, इस स्थान पर मेले का आयोजन करीब दो सौ वर्षों से लगातार होता आ रहा है। हर वर्ष यहां श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती है। तीन दिनों तक चलने वाले मेले में आस्था का ऐसा संगम दिखाई देता है कि जंगल का शांत इलाका श्रद्धालुओं की भीड़ से गुलजार हो उठता है।

व्यवस्था की परीक्षा लेती है श्रद्धालुओं की भीड़

मेले में हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने के बावजूद बुनियादी सुविधाओं की कमी हर बार चुनौती बनती है। विशेषकर ठंड के मौसम में महिलाओं और छोटे बच्चों के साथ आने वाले श्रद्धालुओं को खुले आसमान के नीचे रात गुजारनी पड़ती है। ऐसे में पेयजल, प्रकाश, साफ-सफाई, सुरक्षा और रात्रि विश्राम की समुचित व्यवस्था कराना प्रशासन के लिए बड़ी जिम्मेदारी होगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।