मीरजापुर के घुनिया पूर्वी विद्यालय में निर्माण के नाम पर लाखों के भुगतान का आरोप
मीरजापुर के घुनिया पूर्वी विद्यालय में निर्माण कार्यों के नाम पर लाखों रुपये के सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगा है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को शपथपत्र देकर शौचालय और पानी की टंकी न बनने पर उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

मीरजापुर के घुनिया पूर्वी विद्यालय में निर्माण कार्यों में लाखों का घोटाला।
HighLights
घुनिया पूर्वी विद्यालय में निर्माण कार्यों में धन के दुरुपयोग का आरोप।
शौचालय और पानी की टंकी का निर्माण नहीं होने का दावा।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
जागरण संवाददाता, सक्तेशगढ़ (मीरजापुर)। विकास खंड राजगढ़ की ग्राम पंचायत रामपुर सक्तेशगढ़ स्थित घुनिया पूर्वी विद्यालय में निर्माण कार्यों के नाम पर सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप है। क्षेत्र के संतोष कुमार ने ग्रामीणों संग जिलाधिकारी को शपथ-पत्र देकर उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
शपथ-पत्र के अनुसार, चारदीवारी निर्माण के लिए कमला, वीरेंद्र कुमार, लवकुश, सुनीता देवी और निर्मला देवी के खातों में क्रमशः 11,928, 22,400, 11,928, 11,928 और 11,928 रुपये का भुगतान दिखाया गया। आरोप है कि ये सभी एक ही परिवार के सदस्य हैं और इनके खातों के जरिए नरेगा का पैसा निकाला गया।
सामग्री और मजदूरी के मद में लक्ष्य बिल्डिंग मैटेरियल के खाते में 4,50,209 रुपये भी पास कराकर निकाले गए। बाउंड्रीवाल के नाम पर इसी खाते में अलग से 1,04,224 रुपये दिए जाने का आरोप है। शपथ-पत्र में कहा गया है कि शौचालय निर्माण के लिए 2,60,439 रुपये और ओवर हेड पानी की टंकी के लिए 2,27,711 रुपये निकाले गए, जबकि मौके पर निर्माण नहीं हुआ।
प्रकरण संज्ञान में आया है। प्रकरण की जांच की जाएगी, इसके बाद जांच में दोषी पाए जाने पर विधिक कार्रवाई की बात कही।
वीरेंद्र प्रताप वर्मा, खंड विकास अधिकारी।