मीरजापुर में मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप, 28 हजार नाम दो से चार बार दर्ज
सपा की जांच में मीरजापुर की मतदाता सूची में बड़ी गड़बड़ी सामने आई है, जहां 28,018 मतदाताओं के नाम दो ...और पढ़ें

मीरजापुर मतदाता सूची में बड़ा खुलासा: 28 हजार नाम दो से चार बार दर्ज।
HighLights
सपा ने मीरजापुर मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप लगाया।
28,018 मतदाताओं के नाम दो से चार बार दर्ज मिले।
जिला प्रशासन ने 4 जनवरी तक सुधार का आश्वासन दिया।
जागरण संवाददाता, मीरजापुर। विधानसभा चुनाव से कुछ माह पहले समाजवादी पार्टी की ओर से कराई गई जांच में जिले की मतदाता सूची में बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। सपा की जांच में पांचों विधानसभा क्षेत्रों में 28,018 मतदाताओं के नाम एक ही या अलग-अलग बूथों पर दो से तीन बार दर्ज मिले हैं।
कुछ नाम तो तीन से चार बार दर्ज पाए गए। जिला प्रशासन ने भी मतदाता सूची में ऐसी गड़बड़ी की बात स्वीकार करते हुए सुधार की बात कही है। जिले में कुल 16,82,966 मतदाता हैं। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर जनपद के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष अशोक यादव ने मतदाता सूची की जांच कराई।
इसमें मीरजापुर सदर विधानसभा क्षेत्र में 4,353, चुनार में 5,475, छानबे में 5,120, मझवां में 6,403 और मड़िहान में 6,667 मतदाताओं के नाम एक से अधिक बार दर्ज मिले। सपा ने प्रमाण के साथ इसकी शिकायत जिला निर्वाचन अधिकारी से की है। जांच में करीब 11 हजार नाम दो बार, आठ हजार तीन बार और एक हजार नाम चार बार दर्ज होने की बात सामने आई है।
चुनार में बूथ संख्या 208 और 298 पर प्रदीप कुमार पुत्र नंदलाल का नाम दो बार दर्ज है। बूथ संख्या 182 व 236 पर प्रदीप कुमार पुत्र पन्नालाल और 249 व 386 पर प्रदीप कुमार पुत्र मोहन का नाम दो-दो बार है। बूथ संख्या 342 व 344 पर प्रभावती का नाम तीन बार दर्ज है। मझवां में बूथ संख्या 222, 66 व 87 पर पड़री के चौहान पट्टी गांव की अनीता देवी का नाम तीन बार दर्ज है।
अनीता देवी ने बताया कि वह एक बार ही मतदान करने जाती हैं और इस तरह की गड़बड़ी का गलत इस्तेमाल हो सकता है। गोगहरा की प्रभावती ने बताया कि वह 40 वर्ष से गोगहरा की निवासी हैं और बूथ संख्या 366 पर मतदान करती हैं। दूसरे बूथ पर नाम कैसे दर्ज हुआ, पता नहीं है।
आनलाइन मतदाता सूची अपडेट करते समय नेटवर्क पर अपडेट नहीं होने पर बीएलओ या निर्वाचन कर्मचारी दोबारा नाम दर्ज कर देते हैं, जिससे नाम दो या तीन बार दिखाई देने लगता है। चार जनवरी को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा। उसमें जो भी त्रुटि होगी, उसे सुधार लिया जाएगा।
विनोद कुमार सिंह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।