विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

विंध्यधाम में दीपोत्सव के बीच अक्षरा सिंह ने बहाई भक्तिगीतों की धारा, आस्‍था की बही गंगा

By Kamleshwar SharanEdited By: Abhishek sharma
Published: Sat, 21 Nov 2026 06:51 PM (IST)

विंध्याचल में श्री मां विंध्यवासिनी दीपदान महोत्सव श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया गया। इस दौरान मां विंध्यवासिनी का भव्य श्रृंगार हुआ और मंदिर परिसर दीपों व रंग-बिरंगी झालरों से जगमगा उठा, जिसमें अक्षरा सिंह और नंदू मिश्रा ने भक्तिगीतों से समां बांधा।

विंध्यधाम में दीपदान महोत्सव पर अक्षरा सिंह और नंदू मिश्रा ने बिखेरे भक्ति के रंग।

विंध्यधाम में दीपदान महोत्सव पर अक्षरा सिंह और नंदू मिश्रा ने बिखेरे भक्ति के रंग।

HighLights

  1. मां विंध्यवासिनी दीपदान महोत्सव श्रद्धा और आस्था संग मनाया गया।

  2. मंदिर परिसर दीपों और रंग-बिरंगी झालरों से जगमगा उठा।

  3. अक्षरा सिंह और नंदू मिश्रा ने भक्तिगीतों से मंत्रमुग्ध किया।

जागरण संवाददाता, विंध्याचल (मीरजापुर)। मां विंध्यधाम में शुक्रवार की श्री मां विंध्यवासिनी दीपदान महोत्सव श्रद्धा एवं आस्था संग मनाया गया। महोत्सव पर मां विंध्यवासिनी का भव्य श्रृंगार कर आरती की गई।मंदिर परिसर दीपों की रोशनी के बीच रंग बिरंगी, झालरों से जगमगा उठा मानो सितारे जमीन पर उतर आए हों और स्वर्ग की दिव्यता विंध्यधाम में साकार हो उठी हो।

मां के दर्शन, दीपदान और भजन-कीर्तन के बीच श्रद्धालुओं ने धार्मिक आयोजन में सहभागिता कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। इस दौरान भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह और भजन सम्राट नंदू मिश्रा ने पूरी रात भक्ति गीतों व भजन से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने मां विंध्यवासिनी के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर देवी जागरण का शुभारंभ किया।

मंदिर परिसर के कोने-कोने में दीप सजाए गए। टिमटिमाते दीपों और रंग-बिरंगी झालरों से मंदिर तथा विंध्य कारिडोर परिसर जगमगा उठा। जगह-जगह बनाई गई रंगोलियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। स्वस्तिक यंत्र की विशेष रंगोली और केले के तने पर जलाए गए दीपों की सजावट ने आयोजन की भव्यता बढ़ाई। श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन, दीपदान और भजन-कीर्तन में सहभागिता की।

वहीं भजन गायक नंदू मिश्रा और अमलेश शुक्ला ने भक्ति गीत प्रस्तुत किए। नंदू मिश्रा ने गणेश वंदना ‘मोरीरखियो लाज गुरुदेव’ से शुरुआत की। इसके बाद ‘आज हम आये हैं मैय्या जी तुझे मनाने’, ‘मैय्या तेरे ही सहारे मेरा परिवार है’ और ‘मेरा आपकी कृपा से सब काम हो रहा है’ सुनाकर श्रद्धालुओं को भावविभोर किया। ‘जब से शेरावाली से लगाव हो गया, दूर जिंदगी से सारा अभाव हो गया’ भजन को भी लोगों ने सराहा।

वहीं, भोजपुरी अभिनेत्री और गायिका अक्षरा सिंह ने ‘जय गिरि नंदिनी’ स्तुति से अपनी प्रस्तुति शुरू की। ‘तेरे सिवा नहीं कोई सहारा’ और ‘निमिया की डार लागेलू झुलुवा’ जैसे गीतों पर श्रद्धालु झूम उठे। पूरी रात चली प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया।

अक्षरा के साथ सेल्फी लेने के लिए प्रशंसकों की भीड़ जुटी और लोग उनकी एक झलक पाने को उत्साहित दिखे। आयोजन को सफल बनाने में संयोजक राजन पाठक, रघुवर दयाल उपाध्याय एवं राघवेंद्र उपाध्याय आयोजक एवं व्यवस्थापक शेखर शरन उपाध्याय रहे। संचालन जय चौरसिया व जागरण प्रबंधक पंकज अग्रहरि रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।