मोदी-योगी सरकार की उपलब्धियों को लेकर घर-घर पहुंचे भाजपाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपलब्धियों को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता व पदाधिकारी गुरुवार को शहर में जन-जन तक पहुंचे। प्रदेश भाजपा महामंत्री व एमएलसी विजय बहादुर पाठक ने लोगों को केंद्र व प्रदेश सरकार के सुशासन व विकास के कार्यों की लोगों को जानकारी दी।
जागरण संवाददाता, मीरजापुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपलब्धियों को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता व पदाधिकारी गुरुवार को शहर में जन-जन तक पहुंचे। प्रदेश भाजपा महामंत्री व एमएलसी विजय बहादुर पाठक ने लोगों को केंद्र व प्रदेश सरकार के सुशासन व विकास के कार्यों की लोगों को जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने शहर में विभिन्न समुदाय व वर्गों से संबंधित कुछ प्रतिष्ठित लोगों के घरों पर जाकर सरकार की उपलब्धियों के बारे में चर्चा की। कहा कि लोगों के विकास के लिए कृतसंकल्पित भाजपा सरकार कई योजनाओं पर काम कर रही है।
गुरुवार की सुबह रेलवे स्टेशन पर पहुंचे प्रदेश भाजपा महामंत्री व एमएलसी विजय बहादुर पाठक का स्वागत करते हुए पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया। इसके बाद यहां से शहर में निकले प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक व जिलाध्यक्ष बृजभूषण सिंह के साथ पार्टी पदाधिकारी लोगों के बीच पहुंचे। शहर के सम्मानित व प्रबुद्धजनों से मिलने का यह सिलसिला दिनभर चलता रहा। इसी बीच प्रदेश भाजपा महामंत्री विजय बहादुर पाठक व जिलाध्यक्ष बृजभूषण सिंह नगर के वरिष्ठ अधिवक्ता प्रेम चंद श्रीवास्तव व राहुल श्रीवास्तव के घर पहुंच गए। यहां आसपास के अधिवक्ता व सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाजपाइयों का स्वागत किया। इस मौके पर प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक ने लोगों के बीच केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों के बारे में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोगों के विकास के साथ ही अमन-चैन के लिए दिन-रात काम कर रहे हैं। सभी वर्ग-समुदाय के विकास के लिए हर स्तर पर ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों में भी आमजनमानस के विकास के लिए बगैर भेदभाव के काम किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों को सरकार के विकास कार्यों व उपलब्धियों से संबंधित बुकलेट भी बांटा। साथ ही आश्वस्त किया कि आने वाले समय में विकास कार्यों में और तेजी लाई जाएगी जिससे लोगों को काफी राहत मिलेगी। इस दौरान प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक व जिलाध्यक्ष बृजभूषण सिंह नगर के वरिष्ठ चिकित्सक डा. नीरज त्रिपाठी, सेवानिवृत्त जज राधेश्याम यादव, जीडी बिनानी पीजी कालेज के प्रो. राजमोहन शर्मा, प्रतिष्ठित व्यवसाई नीरज अग्रवाल समेत दर्जनों लोगो के घर पहुंच कर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। इस मौके पर भाजपा के नगर अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी, प्रदीप सोनकर, जवाहर मौर्य, श्यामजी, मनीष गुप्ता, अलंकार जायसवाल, काजू यादव आदि मौजूद थे।