मीरजापुर में युवक की मौत के मामले में आरोपित गिरफ्तार, चारपाई की पाटी बरामद
लालगंज पुलिस ने बामी गांव निवासी संजय की मौत के मामले में आरोपित रोहित को गिरफ्तार किया है। रोहित ने ...और पढ़ें

युवक की मौत के मामले में आरोपित गिरफ्तार, चारपाई की पाटी बरामद।
HighLights
संजय की मौत के मामले में रोहित गिरफ्तार।
आरोपित ने चारपाई की पाटी से हमला किया था।
पुलिस ने गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया।
जागरण संवाददाता, लालगंज (मीरजापुर)। लालगंज पुलिस ने बामी गांव निवासी संजय की मौत के मामले में आरोपित रोहित को रविवार को पतुलखी ओवरब्रिज के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से घटना में इस्तेमाल चारपाई की पाटी बरामद की गई। पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
सीओ लालगंज अमर बहादुर ने बताया कि बामी नौडिहवां गांव निवासी बुधिराम ने 13 अक्टूबर को नामजद आरोपितों के विरुद्ध तहरीर दी थी। तहरीर के अनुसार, कुछ लोग ताश खेल रहे थे। इसी दौरान उनके बीच विवाद हो गया। संजय बीच-बचाव करने पहुंचे तो रोहित आदि ने चारपाई की पाटी और डंडे से उनके सिर पर हमला कर दिया। संजय गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्हें मेडिकल कालेज के मंडलीय चिकित्सालय ले जाया गया, जहां से वाराणसी स्थित बीएचयू के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रोहित के विरुद्ध गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी।
उप निरीक्षक गुरुप्रसाद सिंह को सूचना मिली कि नामजद आरोपित पतुलखी ओवरब्रिज के पास मौजूद है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लहंगपुर गांव निवासी रोहित को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में रोहित ने बताया कि 12 अक्टूबर को दिन में फतहवां गांव में उसका दो अन्य व्यक्तियों से विवाद हुआ था। उस समय उसके दूर के रिश्तेदार संजय भी वहां मौजूद थे और उन्होंने उसे डांटा था। इससे क्षुब्ध होकर उसने घटना को अंजाम दिया।