मीरजापुर में जंगली सूअर के शिकार के लिए बकहर नदी किनारे बिछाए तार की चपेट में आया युवक, हालत गंभीर
मीरजापुर के मड़िहान में जंगली सूअर के शिकार के लिए बिछाए गए नंगे बिजली के तारों की चपेट में आने ...और पढ़ें

मीरजापुर में जंगली सूअर के शिकार के लिए बिछाए तारों से युवक झुलसा हालत गंभीर।
HighLights
जंगली सूअर के शिकार के लिए बिछाए गए नंगे तार।
22 वर्षीय अजीत कोल गंभीर रूप से झुलस गए।
बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर।
जागरण संवाददाता, मीरजापुर। मड़िहान क्षेत्र के गोपालपुर ग्राम सभा के जुड़िया पुरवा में सोमवार भोर बकहर नदी किनारे नित्यक्रिया के लिए गए 22 वर्षीय अजीत कोल बिजली के नंगे तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। ग्रामीणों के अनुसार, ये तार जंगली जानवरों के शिकार के लिए बिछाए गए थे।
अजीत, श्यामलाल के पुत्र हैं। उनके साथ नित्यक्रिया के लिए गए चाचा श्याम नारायण ने ग्रामीणों की मदद से उन्हें कलवारी के निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया। वहां से परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़िहान ले गए। हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया।
मड़िहान पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। ग्रामीणों ने बताया कि शिकारी जंगल में नंगे तार बिछाकर जंगली सूअर का शिकार करते हैं और उसका मांस मीट की दुकानों पर महंगे दाम में बेचते हैं। उनके अनुसार, जुड़िया जंगल से गुजरने वाली 11 हजार की बिजली लाइन में कटिया फंसाकर तारों में करंट प्रवाहित किया जाता है।
ग्रामीणों का कहना है कि जंगल में जंगली जानवरों के शिकार का यह तरीका तेजी से चलन में है और वन विभाग तथा पुलिस की कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। मनोज, चंदन, बाबा, रामू, कौशिल्या और तेतरी ने शिकार में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि इससे जंगली जानवरों के साथ लोगों की जान भी खतरे में पड़ती है। मड़िहान थाना प्रभारी नवीन कुमार तिवारी ने बताया कि जंगल में बिछाए गए बिजली के नंगे तार की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से झुलसा है। तहरीर मिलने के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- अज्ञात शिकारियों ने जंगली सूअर के शिकार के लिए जंगल में नंगे तार लगाए थे। इस मामले में कार्रवाई के लिए मड़िहान थाने में प्रार्थना पत्र दिया गया है। - अवधेश कुमार , अवर अभियंता , गुरुदेव नगर उपकेंद्र
- जंगल में बिजली के नंगे तार बिछाकर शिकार किए जाने की जानकारी उन्हें नहीं है। घटनास्थल पर वाचर भेजकर जानकारी जुटाई जाएगी और शिकार में शामिल अज्ञात लोगों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। - गिरिराज गोर्वधन गिरी , रेंजर सिरसी रेंज वन विभाग
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।