विंध्य नगरी में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने को 2574 ने भरा फार्म छह
मीरजापुर में मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए विशेष अभियान के तहत 2574 लोगों ने फॉर्म छह भरा, जिसमें 503 युवा और 1036 महिलाएं शामिल हैं। अधिकारियों ने पारदर्शिता और समयबद्धता से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए, साथ ही 28 और 29 नवंबर को भी अभियान जारी रहेगा।

मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए रविवार को चला विशेष अभियान।
HighLights
मीरजापुर में 2574 लोगों ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने हेतु आवेदन किया।
अभियान में 503 युवा और 1036 महिलाएं शामिल हुईं, उत्साह दिखा।
अधिकारी घर-घर सत्यापन और पारदर्शिता पर विशेष जोर दे रहे हैं।
जागरण संवाददाता, मीरजापुर। मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए रविवार को जनपद भर के बूथों प र चलाए गए विशेष अभियान के तहत कुल 2574 लोगों ने फार्म छह भरकर जमा किया। इनमें 18 और 19 वर्ष के 503 युवा के साथ 1036 महिलाएं भी शामिल हैं। मृतकों के नाम हटाने के लिए 140 लोगों ने फार्म सात भरा। स्थानांतरण के लिए 87 और डुप्लीकेट प्रविष्टि के लिए 56 लोगों ने फार्म सात जमा किया। वहीं, 340 लोगों ने फार्म आठ भरा।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर अर्हता तिथि एक जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण किया जा रहा है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि 28 नवंबर और 29 नवंबर को भी चलाया जाएगा। इस दिन सभी मतदेय स्थलों पर बीएलओ मतदाता सूची के साथ मौजूद रहेंगे। लोग बूथ पर जाकर अपना और परिवार के सदस्यों का नाम सूची में देख सकते हैं। पात्र व्यक्ति का नाम दर्ज न होने पर उसे शामिल कराने के लिए आवेदन किया जा सकता है।
अभियान को लेकर सक्रिय रहे विधायक संग भाजपाजन
विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान को लेकर विधायक संग भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी काफी सक्रिय रहे। विधायक नगर रत्नाकर मिश्र ने कोन मंडल के जगापट्टी ग्राम में बूथ 30 व 31, तिलठी ग्राम में बूथ 44, 45, 46, 50 पर भ्रमण किया।
मतदाता जोड़ों अभियान के तहत बूथ स्तर पर बीएलओ को नए लोगों का नाम मतदाता सूची में जोड़ने का निर्देश दिया। आलोक बरनवाल, अनिल सिंह रहे। भाजपा नगर अध्यक्ष पश्चमी नितिन विश्वकर्मा ने बूथों पर फार्म छह भरवाकर नए लोगों का नाम शामिल कराया। मंडल उपाध्यक्ष दीपा ऊमर, सूरज निषाद, अजय रंजक, गोपाल अग्रवाल, पुनीत मिश्र, अमरेश सोनकर, राहुल चंद्र जैन, गुलशन केशरी, बालकृष्ण सोनी रहे।
छात्रों को बताया मतदान का महत्व
मतदाता जागरूकता अभियान के तहत केबीपीजी कालेज में शुद्ध मतदाता सूची का महत्व विषय पर क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में मतदाता पंजीकरण, शुद्ध मतदाता सूची और लोकतांत्रिक भागीदारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
प्रतियोगिता में संध्या प्रथम, रंजना द्वितीय और तरुण कुमार तृतीय रहे। संयोजक प्रोफेसर अशोक कुमार सिंह चंदेल ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की जानकारी दी और कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा अपना नाम सूची में दर्ज कराएं।
- मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फार्म छह भरा है। मतदान को लेकर काफी उत्साह है। - सुनिधि सोनकर।
- विधानसभा के तहत विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के दौरान सूची में नाम शामिल कराने के लिए पहली बार आवेदन किया है। नाम शामिल होने के बाद पहचान पत्र मिलेगा। इसके बाद वर्ष 2027 के निर्वाचन में पहली बार मतदान का अवसर मिल सकेगा। - जय कुमार मौर्य, महुवरिया।
एसडीएम ने बूथों का किया निरीक्षण
विशेष अभियान दिवस पर रविवार को उप जिलाधिकारी अनेग सिंह ने विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बूथों का भ्रमण कर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य का जायजा लिया। मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन से संबंधित प्रपत्रों के निस्तारण की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि मतदाता सूची से जुड़े सभी कार्य पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूरे किए जाएं। कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे, इसके लिए घर-घर जाकर सत्यापन करने पर विशेष ध्यान दें।
नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृतकों के नाम हटाने में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
मड़िहान तहसीलदार आशीष शुक्ला ने गांवों में पहुंचकर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति जांची और बीएलओ व सुपरवाइजरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मरचा, जुड़िया, बसही, बेदौली, जमुई और शोभी गांवों में निरीक्षण के दौरान तहसीलदार ने नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, अपात्र प्रविष्टियों को हटाने तथा मतदाता सूची में दर्ज विवरणों को दुरुस्त करने पर विशेष जोर दिया। मृत मतदाताओं के नाम सूची से हटाने के लिए प्रारूप सात भरवाने तथा नाम, पता और अन्य विवरणों में त्रुटि होने पर प्रारूप आठ के माध्यम से संशोधन कराने को कहा। समरेश कुमार आजाद, विनीत त्रिपाठी, रामनवल, मनोज सिंह सहित संबंधित सुपरवाइजर मौजूद रहे।
युवाओं को मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए किया जागरूक
अदलहाट में मतदान केंद्र आदर्श इंटर कालेज के इब्राहिमपुर क्षेत्र में रविवार को नव मतदाता जनसंपर्क अभियान का आयोजन किया गया। नवीन द्विवेदी, आलोक सिंह, रितेश पांडेय, शिवम गुप्ता,राजन तिवारी मड़िहान विधानसभा क्षेत्र संख्या 399 के बूथ संख्या 411 एवं 412 पर पहुंचे। नए मतदाताओं से संपर्क किया गया तथा उनका नाम मतदाता सूची में जुड़वाने की प्रक्रिया पूरी कराई गई।